नई दिल्ली. अमेरिकी इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी टेस्ला ने भारतीय बाजार में अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए बड़ा ऐलान किया है. कंपनी ने कहा है कि भारतीय ग्राहकों के लिए ईएमआई पर टेस्ला की कार खरीदने का मौका है. साथ ही पुरानी पेट्रोल या डीजल कारों की अदला-बदली करने पर 3 लाख रुपये की छूट भी दी जाएगी. इन दोनों ऑफर्स के बाद माना जा रहा है कि टेस्ला की कारों की बिक्री देश में बढ़ सकती है. अभी यह कारें काफी महंगी पड़ती हैं, जो आम ग्राहकों की पहुंच से दूर हो जाती हैं.
कितना डाउन पेमेंट-कितनी ईएमआई
टेस्ला ने बताया है कि ग्राहक अब टेस्ला के मॉडल वाई को 49,000 रुपये प्रति माह से शुरू होने वाली किस्त (ईएमआई) पर खरीद सकते हैं. इसके लिए केवल 6 लाख रुपये का शुरुआती भुगतान करना होगा. टेस्ला इंडिया ने सितंबर, 2025 में इस मॉडल की आपूर्ति भारत में शुरू की थी. वाहन डीलरों के संगठन फाडा की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, टेस्ला ने पिछले वर्ष भारत में 225 यूनिट बेची थी.
अभी कम है टेस्ला की बिक्री
कुल मिलाकर देश में इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री पिछले वर्ष 1,76,817 यूनिट रही, जो साल 2024 की 99,875 यूनिट के मुकाबले 77 फीसदी अधिक है. टेस्ला मॉडल वाई के इस्तेमाल से ग्राहकों को ईंधन और रखरखाव लागत में कमी आने से हर महीने 20,000 रुपये तक की बचत हो सकती है. ऐसा कंपनी का दावा है. अब देखना यह है कि कुल ई-वाहनों की बिक्री में टेस्ला की हिस्सेदारी ईएमआई और छूट के बाद कितनी बढ़ जाएगी.
भारत में कितनी है वाई मॉडल की कीमत
टेस्ला ने वाई मॉडल के तीन वैरिएंट भारत में उतारे हैं. इसमें Y रियर-व्हील ड्राइव की एक्स शोरूम कीमत करीब 59.89 लाख रुपये रखी गई है तो मॉडल Y के लॉन्ग रेंज रियर-व्हील ड्राइव वैरिएंट की एक्स शोरूम कीमत करीब 67.89 लाख रुपये है. इसका टॉप मॉडल जो पूरी तरह सेल्फ ड्राइविंग के साथ आता है, उसकी एक्स शोरूम कीमत 73.89 लाख तक जा सकती है.

