गहने गिरवी रखकर खरीदा टिकट, 3 करोड़ रुपये की लॉटरी जीती

Aman Shanti In

लुधियाना (पंजाब): कौन कब फर्श से अर्श पर पहुंच जाएगा, ये सब किस्मत का खेल है. कुछ ऐसी ही हुआ लुधियाना के जगरांव के बांसी गांव की रहने वाली माहेश्वरी साहनी के साथ, उन्होंने 3 करोड़ रुपये की लॉटरी जीती है. माहेश्वरी साहनी बहुत गरीब परिवार से हैं. फिलहाल वो अपनी बेटी के साथ अपने मायके में रह रही हैं. वह लोगों के घरों में काम करके परिवार और अपनी बेटी की जरूरतें पूरी कर रही हैं. उनके बेटे की मौत हो चुकी है जबकि पति से तलाक हो चुका है.

माहेश्वरी ने बताया, “मैंने यह लॉटरी लुधियाना के मशहूर गांधी ब्रदर लॉटरी स्टॉल से खरीदी थी. मैंने 10 नवंबर को शाम 5 बजे चार टिकट खरीदे थे. उसके बाद हम अपनी किस्मत बदलने का इंतजार करते हुए घर लौट आए. फिर, 22 नवंबर को शाम 6 बजे उन्हें पता चला कि चार में से एक टिकट ने बंपर प्राइज जीता है. उन्होंने 3 करोड़ रुपये की लॉटरी जीती है. जिससे पूरे परिवार की आंखों में खुशी के आंसू आ गए.”

उन्होंने आगे कहा, “17 जनवरी को मेरी बेटी का जन्मदिन है. मैं उसे एक अच्छा तोहफा देना चाहती थी, लेकिन मेरे पास पैसे नहीं थे. मेरी बेटी कहती थी, ‘माँ, मेरी किस्मत आपके हाथों में है.’ यही सोचते हुए, मैंने एक लॉटरी बेचने वाले का ऐड देखा. उसमें एक बच्चे ने 1 करोड़ रुपये का इनाम जीता था. मैंने सोचा, “क्यों न अपनी बेटी के नाम पर पहली बार अपनी किस्मत आजमाई जाए?”

हम इतने गरीब थे कि हमारे पास टिकट खरीदने के भी पैसे नहीं थे. इसलिए मैंने अपनी बालियां (सोने के गहने) गिरवी रखी. 10 नवंबर को शाम 5 बजे मैंने 2000 रुपये के 4 लॉटरी टिकट खरीदे, जिसके बाद 22 नवंबर को मुझे पता चला कि वह लॉटरी जीत गई है. – माहेश्वरी साहनी, विजेता

माहेश्वरी ने कहा कि अब वह अपनी बेटी को अच्छी शिक्षा दे पाएंगी और उसके सपने पूरे कर पाएंगी. उन्होंने कहा, “मैं चाहती हूं कि मेरी बेटी डॉक्टर बने.” उन्होंने कहा कि एक बार अपनी किस्मत को मौका देना ही पड़ता है. मैंने छोटी लोहड़ी का यह टिकट खरीदा था. मेरी बेटी लकी है कि मैंने 3 करोड़ रुपये की लॉटरी जीती. यह हमारे लिए भगवान का आशीर्वाद है. मैं बहुत खुश हूं कि मेरी बेटी मेरे लिए लकी निकली. मैं अपनी बेटी के लिए एक अच्छी मां और पिता दोनों बन पाऊंगी.”

उन्होंने कहा कि लोगों को लॉटरी को जुए की तरह इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, बल्कि किस्मत को एक-दो मौके जरूर देने चाहिए. माहेश्वरी ने कहा कि यह जीत इस बात का सबूत है कि मां का प्यार और विश्वास किसी भी मुश्किल से बड़ा होता है. अब यह मेहनती मां अपने और अपनी बेटी के लिए एक नया और बेहतर भविष्य बना पाएगी.

लॉटरी बेचने वाले रविंदर सिंह ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि एक जरूरतमंद परिवार ने इनाम जीता है. उन्होंने कहा कि हमारे बीच कई लोग करोड़पति बन गए हैं. हम इस बात से बहुत खुश हैं, सभी को एक बार अपनी किस्मत जरूर आजमानी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि बाजार की हमारी दुकान नंबर 55 भी लकी है. जहां उन्हें इस तरह से गरीबों की मदद करने का मौका मिल रहा है.

लोगों को सजग करते हुए लॉटरी विक्रेता ने कहा, “जैसे जीतने वाली माहेश्वरी ने उनकी दुकान पर आकर लॉटरी टिकट खरीदी, वैसे ही सभी को दुकान पर जाकर लॉटरी टिकट खरीदने चाहिए. न कि किसी गलत तरीके जैसे WhatsApp या दूसरे नंबरों से टिकट खरीदकर ठगे जाएं. लोगों को इस बारे में खास तौर पर सावधान रहना चाहिए.”

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *