लखनऊ,अमन शांति। लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित शांति नगर में सोमवार को शांति नगर विकास समिति की एक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक राजेश सिंह के आवास पर हुई, जिसकी अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष उदयवीर सिंह ने की। इसमें मोहल्ले की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में समिति के अध्यक्ष ने बताया कि शांति नगर के कई मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में हैं। इससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। समिति ने इन सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए सरोजनी नगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह से जल्द मुलाकात कर समाधान कराने पर जोर दिया।
इसके साथ ही, क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने का मुद्दा भी उठाया गया। समिति के पदाधिकारियों को संबंधित प्रतिनिधियों से संपर्क कर इस समस्या का समाधान कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में समिति के सदस्यों पर दिलीप त्रिपाठी द्वारा दर्ज कराए गए चोरी के मुकदमे को फर्जी बताया गया। सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से इस मामले में नाम हटवाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्णय लिया।
मोहल्ले में बिजली के खंभों पर फैले तारों के जाल से संभावित दुर्घटनाओं को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। समिति ने बिजली विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराकर तारों को दुरुस्त कराने की बात कही।
बैठक में समर बहादुर सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, मनोज वर्मा, अर्जुन पांडे, नरपत सिंह, राकेश चंद तिवारी, शैलेंद्र सिंह, ऋषि राज गुप्ता, नन्हे सिंह, रामविलास सहित अन्य समिति सदस्य मौजूद रहे।