आज के डिजिटल दौर में बच्चों की पढ़ाई सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं रह गई है. बदलती तकनीक के साथ शिक्षा के तरीके भी बदल रहे हैं. खासकर छोटे बच्चों की शुरुआती शिक्षा में अगर सही मार्गदर्शन और रोचक सामग्री मिले, तो उनकी सीखने की क्षमता कई गुना बढ़ सकती है. इसी सोच के साथ राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने एक खास डिजिटल पहल शुरू की है. ये पहल‘ई-मैजिक बॉक्स’ ऐप है. यह ऐप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक से संचालित है और इसे बच्चों, पेरेंट्स और टीचर्स तीनों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इसका उद्देश्य है कि बच्चे खेल-खेल में सीखें और बड़े लोग उनकी सीखने की यात्रा में सक्रिय रूप से भाग ले सकें.
क्या है ‘ई-मैजिक बॉक्स’ ऐप?
ई-मैजिक बॉक्स एक डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म है, जिसमें कहानियां, गीत, मजेदार एक्टिविटी और इंटरैक्टिव मार्गदर्शन एक ही जगह उपलब्ध हैं. यह ऐप तीन एआई बॉट्स की मदद से काम करता है, जो तुरंत सवालों के जवाब देते हैं और सीखने की प्रक्रिया को आसान बनाते हैं. इस ऐप के लॉन्च के साथ ही एनसीईआरटी ने सीखने और सीखने का साम्राज्य नाम से एक अभियान भी शुरू किया है. इसका उद्देश्य परिवारों और टीचर्स को नियमित रूप से इस प्लेटफॉर्म का यूज करने और बच्चों के साथ सीखने की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्रेरित करना है.
ऐप में मौजूद तीन खास एआई बॉट्स
1. कथा सखी – यह बच्चों के लिए रोचक और कल्पनाशील कहानियां तैयार करती है. इसका उद्देश्य बच्चों की जिज्ञासा बढ़ाना और उनकी सोचने-समझने की क्षमता को मजबूत करना है.
2. अभिभावक तारा – यह पेरेंट्स के सवालों का जवाब देती है. छोटे बच्चों के पालन-पोषण, व्यवहार और शुरुआती शिक्षा से जुड़े सवालों में यह मार्गदर्शन देती है.
3. शिक्षिका तारा – यह टीचर्स की मदद के लिए बनाई गई है. कक्षा में बच्चों को बेहतर तरीके से समझाने और एक्टिविटी आधारित पढ़ाई कराने के सुझाव देती है. यूजर्स ऐप में सीधे अपने सवाल टाइप कर सकते हैं और तुरंत एआई तैयार जवाब पा सकते हैं.
बिना स्मार्टफोन भी कर सकते हैं यूज
इस ऐप की खास बात यह है कि इसे सिर्फ मोबाइल ऐप के जरिए ही नहीं, बल्कि व्हाट्सएप और टेलीग्राम पर भी यूज किया जा सकता है. जिन परिवारों के पास स्मार्टफोन नहीं है, वे भी टोल-फ्री आईवीआरएस नंबर 1800-212-0173 या 15108 पर कॉल करके दिन की कहानी, दिन का गीत और दिन का प्रश्न जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं.
ये बच्चों की पढ़ाई में कैसे मदद करता है?
ई-मैजिक बॉक्स में लगा एआई सिस्टम बच्चों का एक डिजिटल साथी बनकर काम करता है. यह कभी भी सवालों का जवाब दे सकता है. बच्चों को सवाल पूछने के लिए प्रोत्साहित करता है. रोजमर्रा की बातों को सीखने का अवसर बनाता है. कहानी और बातचीत के माध्यम से सीखने को रोचक बनाता है. इससे पेरेंट्स और टीचर्स बच्चों के साथ ज्यादा बात कर पाते हैं और पढ़ाई को एक्टिविटी-आधारित बना सकते हैं.
क्या हैं इस ऐप के फायदे?
1. बच्चों के लिए सीखना मजेदार बनाता है.
2. पेरेंट्स को बच्चों की ग्रोथ में सक्रिय भागीदारी का अवसर देता है.
3. टीचर्स को पढ़ाने के नए तरीके सिखाता है.
4. डिजिटल और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध है.
5. पूरी तरह से मुफ्त और आसानी से अवेलेबल भी है.
यह भी पढ़ें – क्या वाकई लीक हो गया एमपी बोर्ड 10वीं का इंग्लिश का पेपर, क्या दोबारा होगा यह एग्जाम?
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI

