Samsung Privacy Display: Samsung इस हफ्ते अपने नए फ्लैगशिप Galaxy S26 Ultra के साथ एक खास प्राइवेसी डिस्प्ले पेश करने जा रहा है. कंपनी ने इसका टीज़र जारी कर संकेत दिया है कि यह फीचर यूजर्स को सार्वजनिक जगहों पर स्क्रीन झांकने वालों से बचाएगा. दिलचस्प बात यह है कि अभी आधिकारिक पुष्टि भले न हुई हो लेकिन चर्चाएं हैं कि दूसरे एंड्रॉयड ब्रांड भी इस तकनीक को अपनाने की तैयारी में हैं.
दूसरे ब्रांड भी अपना सकते हैं यह फीचर
टेक जगत में चर्चा है कि Oppo, Xiaomi और Vivo जैसे ब्रांड अपने आने वाले स्मार्टफोन्स में इसी तरह का प्राइवेसी डिस्प्ले ला सकते हैं. माना जा रहा है कि यह फीचर केवल सॉफ्टवेयर तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि हार्डवेयर स्तर पर भी लागू किया जा सकता है जैसा Samsung करने की योजना बना रहा है.
आखिर क्या है प्राइवेसी डिस्प्ले?
आज के दौर में स्मार्टफोन सिर्फ कॉल या चैट के लिए नहीं बल्कि बैंकिंग, पेमेंट, ऑफिस वर्क और पर्सनल डेटा मैनेजमेंट के लिए भी इस्तेमाल होता है. ऐसे में भीड़भाड़ वाली जगहों पर पास खड़े लोग आपकी स्क्रीन आसानी से देख सकते हैं.
प्राइवेसी डिस्प्ले का मकसद यही है कि साइड एंगल से देखने पर स्क्रीन काली या धुंधली दिखाई दे. खासकर जब आप OTP दर्ज कर रहे हों, पासवर्ड टाइप कर रहे हों या किसी बैंकिंग ऐप का इस्तेमाल कर रहे हों तब यह फीचर अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करेगा.
बढ़ती स्क्रीन टाइम के बीच जरूरी कदम
लोग दिन का बड़ा हिस्सा मोबाइल स्क्रीन पर बिताते हैं. ऐसे में स्क्रीन की सुरक्षा भी उतनी ही अहम हो गई है जितनी डेटा की. अगर यह तकनीक व्यापक स्तर पर अपनाई जाती है तो यह डिजिटल सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकती है.
Samsung ने अपने टीजर में इशारा किया है कि यह फीचर सार्वजनिक परिवहन या भीड़भाड़ वाली जगहों पर भी यूजर्स को निश्चिंत होकर मैसेज पढ़ने और पासवर्ड डालने की सुविधा देगा. आने वाले घंटों में Galaxy S26 Ultra की लॉन्चिंग के साथ इस तकनीक की असली झलक देखने को मिलेगी.
यह भी पढ़ें:
कैसे वाइब्रेट होता है आपका स्मार्टफोन? जानिए क्या है इसके पीछे की टेक्नोलॉजी

