- सिस्टम अपडेट कर यूजर्स पाएं सुरक्षा और बचाव।
CERT-In Alert: अगर आप Microsoft Windows, Microsoft Office या Microsoft Edge का इस्तेमाल करते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने हाल ही में एक चेतावनी जारी की है जिसमें बताया गया है कि इन प्रोडक्ट्स में कई गंभीर खामियां पाई गई हैं जो हैकिंग का खतरा बढ़ा सकती हैं.
किन-किन सिस्टम पर है खतरा
इस चेतावनी का असर सिर्फ कुछ खास यूजर्स तक सीमित नहीं है. रिपोर्ट के मुताबिक Windows 10 और Windows 11 समेत कई Windows Server वर्ज़न भी प्रभावित हैं. इसके अलावा रोजमर्रा के काम में इस्तेमाल होने वाले Office टूल्स और Edge ब्राउजर भी इस खतरे की जद में हैं. यानी आम यूजर से लेकर बड़े बिजनेस और MSMEs तक हर कोई इससे प्रभावित हो सकता है.
क्या हो सकता है नुकसान?
CERT-In के अनुसार, इन कमजोरियों का फायदा उठाकर कोई भी हमलावर सिस्टम में अपनी मनमर्जी का कोड चला सकता है. इसके अलावा वह सिस्टम पर ज्यादा अधिकार हासिल कर सकता है संवेदनशील जानकारी चुरा सकता है या फिर पूरे सिस्टम को ठप कर सकता है. सरल भाषा में कहें तो अगर समय रहते सावधानी नहीं बरती गई तो आपका डेटा और डिवाइस दोनों खतरे में पड़ सकते हैं.
समस्या की असली वजह क्या है
इन खामियों के पीछे कई तकनीकी कारण बताए गए हैं जैसे इनपुट वेरिफिकेशन में कमी, मेमोरी से जुड़ी गड़बड़ियां और एक्सेस कंट्रोल की कमजोर व्यवस्था. कुछ मामलों में यूजर की छोटी सी गलती जैसे किसी संदिग्ध फाइल को खोलना या किसी गलत लिंक पर क्लिक करना भी हमले का रास्ता बना सकती है. हालांकि, कुछ हमले ऐसे भी हो सकते हैं जिनमें किसी अतिरिक्त अनुमति की जरूरत नहीं होती.
एडमिन यूजर्स के लिए ज्यादा खतरा
अगर आप अपने सिस्टम में एडमिन अकाउंट से लॉगिन रहते हैं तो यह खतरा और बढ़ जाता है. ऐसे में हैकर को ज्यादा कंट्रोल मिल सकता है जिससे बड़े स्तर पर डेटा चोरी या सर्विस बाधित होने की संभावना रहती है खासकर कंपनियों और ऑफिस नेटवर्क में.
बचाव का सबसे आसान तरीका
अच्छी बात यह है कि इन खामियों को दूर करने के लिए अपडेट जारी किए जा चुके हैं. यूजर्स को सलाह दी गई है कि वे तुरंत अपने सिस्टम को अपडेट करें. नियमित अपडेट करना ही सबसे आसान और प्रभावी तरीका है जिससे आप ऐसे साइबर खतरों से खुद को सुरक्षित रख सकते हैं.
यह भी पढ़ें: