Upcoming IPO Next Week: कल यानी कि 9 फरवरी से नया हफ्ता शुरू हो रहा है. इस दौरान कई कंपनियों के आईपीओ लॉन्च होंगे. ऐसे में आईपीओ के जरिए पैसा कमाने की चाह रखने वाले निवेशकों के लिए यह काम की खबर हो सकती है. 9 फरवरी से शुरू हो रहे हफ्ते में मेनबोर्ड और SME सेगमेंट में तीन कंपनियों के आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेंगे. इसके अलावा, चार कंपनियों की लिस्टिंग भी होने वाली है. आइए इन पर एक नजर डालते हैं:-
मेनबोर्ड सेगमेंट
फ्रैक्टल एनालिटिक्स (Fractal Analytics)
फ्रैक्टल एनालिटिक्स का आईपीओ एक बड़ा मेनबोर्ड इश्यू है, जो 9-11 फरवरी के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा. इसका साइज 2833.90 करोड़ रुपये है. इसमें नए शेयरों के साथ-साथ ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत भी शेयरों की बिक्री भी शामिल होगी. आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 857-900 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है. निवेशक 16 शेयरों के लॉट में पैसे लगाने का मौका मिलेगा.
कंपनी ने कहा है कि आईपीओ से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल बिजनेस से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा. इसमें US में अपनी सब्सिडियरी में निवेश करना, पुराने कर्जों का भुगतान, ऑफिस इंफ्रास्ट्रक्चर का दायरा बढ़ाना, रिसर्च और डेवलपमेंट को मजबूत करना, सेल्स और मार्केटिंग एक्टिविटीज को सपोर्ट करने जैसी शामिल हैं.
Aye Finance IPO
9 फरवरी को खुलने वाला एक और मेनबोर्ड IPO है Aye Finance. इसके लिए निवेशक 11 फरवरी तक बोली लगा सकेंगे. 1010 करोड़ रुपये के इस इश्यू में नए इक्विटी शेयर और मौजूदा निवेशकों द्वारा ऑफर-फॉर-सेल दोनों शामिल हैं. IPO की कीमत 122-129 रुपये प्रति शेयर रखी गई है. निवेशक एक लॉट में 116 शेयरों के लिए दांव लगा सकेंगे. Aye Finance इश्यू से जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल अपने कैपिटल बेस को मजबूत करने और भविष्य में बिजनेस ग्रोथ को सपोर्ट करने के लिए करेगी. यह एक नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी है, जो माइक्रो और छोटे उद्यमों को लोन देने का काम करती है.
SME आईपीओ
मरुशिका टेक्नोलॉजी (Marushika Technology)
SME सेगमेंट में मरुशिका टेक्नोलॉजी का IPO 12 फरवरी को खुलेगा और 16 फरवरी को बंद होगा. इश्यू का साइज 26.97 करोड़ रुपये है और इसमें पूरी तरह से नए इक्विटी शेयर शामिल हैं. IPO का प्राइस बैंड 111-117 रुपये प्रति शेयर है. कंपनी के शेयर NSE SME प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होंगे, जिसकी संभावित लिस्टिंग की तारीख 19 फरवरी तय की गई है.
मरुशिका टेक्नोलॉजी IT और टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोडक्ट्स को डिस्ट्रीब्यूट करने का काम करती है. कंपनी इस इश्यू से मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, वर्किंग कैपिटल की ज़रूरतों को पूरा करने और सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी.
इन कंपनियों की लिस्टिंग
अगले हफ्ते चार कंपनियां शेयर मार्केट में अपना डेब्यू करने जा रही हैं. Brandman Retail और Grover Jewells 11 फरवरी को लिस्ट होने वाली हैं. Biopol Chemicals और PAN HR Solutions की 13 फरवरी को मार्केट में एंट्री लेगी.
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ़ सूचना हेतु दी जा रही है. यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है. निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें. ABPLive.com की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है.)
ये भी पढ़ें:
इंफ्रा सेक्टर की इन कंपनियों की चमकी किस्मत, मिले करोड़ों के ऑर्डर; निवेशकों की बढ़ सकती है दिलचस्पी

