गर्मियों का मौसम और तरबूज का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. तपती धूप में ठंडा, रसीला और लाल तरबूज हर घर की पहली पसंद बन जाता है. लेकिन सोशल मीडिया के दौर में जहां हर चीज वायरल होती है, वहीं खाने पीने की चीजें भी अफवाहों से अछूती नहीं हैं. इन दिनों एक वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है जिसमें दावा किया जा रहा है कि बाजार में बिकने वाले तरबूज के ऊपर प्लास्टिक जैसी कोटिंग की जाती है और उन्हें अंदर से इंजेक्शन लगाकर जल्दी पकाया जाता है. वीडियो में तरबूज की सतह से कथित तौर पर प्लास्टिक जैसी परत निकलती हुई दिखाई जाती है और इसे मिलावट का सबूत बताया जा रहा है. ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर सच्चाई क्या है और क्या वाकई बाजार में बिक रहा तरबूज नकली या खतरनाक है.
बाजार में बिक रहा नकली तरबूज?
रमजान में सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला फल तरबूज इन दिनों सवालों के घेरे में है. वायरल वीडियो में दिखाया जा रहा है कि एक व्यक्ति तरबूज की ऊपरी परत को खुरचता है और दावा करता है कि यह प्लास्टिक कोटिंग है. साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि विक्रेता तरबूज को जल्दी लाल और मीठा दिखाने के लिए उसमें इंजेक्शन के जरिए केमिकल डालते हैं. वीडियो के कैप्शन और कमेंट्स में लोगों को सावधान रहने की सलाह दी जा रही है और कहा जा रहा है कि बिना जांचे परखे तरबूज न खरीदें.
वायरल वीडियो ने तरबूज पर खड़े किए सवाल
हालांकि खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे दावों की पुष्टि के लिए वैज्ञानिक जांच जरूरी होती है. तरबूज की बाहरी सतह प्राकृतिक रूप से मोमी यानी वैक्सी हो सकती है, जिससे वह चमकदार दिखता है. कई फलों में प्राकृतिक वैक्स लेयर होती है जो उन्हें नमी से बचाती है. इसके अलावा तरबूज को पकाने के लिए इंजेक्शन का इस्तेमाल किए जाने के दावे अक्सर सोशल मीडिया पर सामने आते हैं, लेकिन हर वीडियो वास्तविकता को नहीं दर्शाता. किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट या केमिकल इस्तेमाल की पुष्टि केवल लैब जांच से ही हो सकती है.
क्या सच में दिया जा रहा है इंजेक्शन?
वीडियो में दिखाए गए कृत्रिम कोटिंग या इंजेक्शन से तरबूज पकाने के दावे सोशल मीडिया पर किए गए आरोपों पर आधारित हैं. वीडियो में इन दावों के समर्थन में कोई प्रमाणित वैज्ञानिक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया है. दर्शकों और पाठकों को सलाह दी जाती है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले विश्वसनीय खाद्य सुरक्षा प्राधिकरणों की जानकारी पर भरोसा करें और अपुष्ट दावों को शेयर करने से बचें.
यह भी पढ़ें: वाह क्या नसीब है… दुल्हन को लेकर सीधे दारू के ठेके पर पहुंचा दूल्हा, वीडियो वायरल
यूजर्स बोले, अब तरबूज खाना भी बंद
वीडियो को pakkahyderabadiofficials नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा है तो वहीं कई लोगों ने वीडियो को लाइक भी किया है. ऐसे में सोशल मीडिया यूजर्स वीडियो को लेकर तरह तरह के रिएक्शन दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा…भाई ये जो तरबूज काटा इसे फेंक दिया या खा लिया. एक और यूजर ने लिखा…बाजार में हर चीज मिलावटी आ रही है, खाएं तो खाएं क्या. तो वहीं एक और यूजर ने लिखा…आज से तरबूज खाना भी बंद.
यह भी पढ़ें: इसे कहते हैं रंग में भंग, हल्दी फंक्शन में डांस कर रही पापा की परी पर गिरा टैंट और फिर….वीडियो वायरल

