77वें गणतंत्र दिवस पर उत्तर प्रदेश में शिक्षा, संविधान और राष्ट्रभक्ति का संगम देखने को मिला। प्रदेश के 1.32 लाख से अधिक परिषदीय विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) में एक साथ 1.48 करोड़ से अधिक छात्र-छात्राओं ने तिरंगे को सलामी देकर लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रनिर्माण के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। विद्यालय प्रांगण राष्ट्रगान, वंदे मातरम और देशभक्ति गीतों से गूंज उठे।
बता दें कि गणतंत्र दिवस पर शिक्षा, जागरूकता और जनसंवाद के इस संयुक्त प्रयास ने यह स्पष्ट कर दिया कि उत्तर प्रदेश में शिक्षा केवल विद्यालय परिसरों तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग तक पहुँचकर सशक्त, समावेशी और विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव रख रही है।
विशेष शिक्षा जागरूकता अभियान बना गणतंत्र दिवस की पहचान
इस अवसर पर प्रदेशभर में विशेष शिक्षा जागरूकता अभियान भी संचालित किया गया, जिसने गणतंत्र दिवस को केवल उत्सव नहीं, बल्कि शिक्षा के व्यापक जनआंदोलन का रूप दे दिया। सभी 75 जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालयों से एक साथ कुल 375 शिक्षा रथों को झंडी दिखाकर रवाना किया गया। हर जिले से पांच-पांच शिक्षा रथ निकाले गए, जिनका उद्देश्य शिक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी सीधे आमजन तक पहुंचाना रहा।

