जली शर्ट के 1 लाख रुपये, इस लग्जरी ब्रांड ने की अनोखी लॉन्चिंग ने काटा गदर, हैरान यूजर्स

सतीश कुमार
4 Min Read


आजकल फैशन की दुनिया में कई एक्सपेरिमेंट हो रहे हैं, जिसमें नॉर्मल सा दिखने वाला कपड़ा भी लाखों में बिकता है. ऐसे में अगर आपने भी कभी आयरन करते समय अपनी शर्ट जला दी हो तो हो सकता है कि आप अनजाने में ही हाई फैशन बना चुके हैं. दरअसल एक लग्जरी ब्रांड ने ऐसी शर्ट लॉन्च की है, जिस पर इस्त्री से जले निशान जैसा प्रिंट बना है और इसकी कीमत करीब 1 लाख रुपये रखी गई है. यह शर्ट स्विस फ्रेंच लग्जरी लेबल Vetements की है जो आम चीजों को महंगे फैशन स्टेटमेंट में बदलने के लिए जाना जाता है. इस प्रोडक्ट का नाम With Ironing Burn Graphic Shirt है जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. वहीं इस जले इस्त्री वाले शर्ट को देखकर सोशल मीडिया पर लोग कई तरह के कमेंट्स भी कर रहे हैं.

क्या खास है इस शर्ट में?

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस शर्ट में ओवरसाइज्ड सिल्हूट के साथ चेस्ट पॉकेट के पास जले हुए दाग जैसा ग्राफिक प्रिंट बनाया गया है. इस डिजाइन को देखकर ऐसा लगता है जैसे इस्त्री कुछ सेकंड ज्यादा देर तक कपड़े पर रह गई हो और कपड़ा जल गया हो. हालांकि इस डिजाइन से ज्यादा चर्चा इसकी कीमत को लेकर हो रही है. इस शर्ट की कीमत लगभग 1 लाख रुपये रखी गई है. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर इसे लेकर लोगों के तरह-तरह के रिएक्शन सामने आ रहे हैं. वहीं फैशन इंडस्ट्री में पहले भी डिस्ट्रेस्ड स्नीकर्स, फटी जींस और पेंट-स्प्लिट जैकेट्स ट्रेंड में रही है. लेकिन जले निशान का प्रिंट कई लोगों को थोड़ा अजीब लगा है.

सोशल मीडिया पर आए लोगों के तीखे रिएक्शन

जले हुए शर्ट की यह तस्वीर वायरल होने के बाद इंटरनेट पर मीम्स और कमेंट की बाढ़ आ गई. एक यूजर ने इस फोटो को देखकर कमेंट किया इस शर्ट की कीमत 1 लाख रुपये बता रहे हैं और मेरी मां तो यह काम फ्री में कर देती थी. वहीं दूसरे यूजर ने कमेंट किया मैं तो सालों से यह काम फ्री में कर रहा हूं, अब पता चला मेरी लॉन्ड्री का ढेर हाई फैशन आर्काइव है. वहीं एक और कमेंट आया VETEMENTS ने सोचा क्यों न लॉन्ड्री एक्सीडेंट को ही फैशन बना दिया जाए. इसके अलावा किसी ने तंज कसते हुए कमेंट किया लग्जरी ब्रांड शायद यह सोशल एक्सपेरिमेंट कर रहे हैं कि लोग कपड़ों पर कितना पैसा खर्च कर सकते हैं. वहीं एक और यूजर ने कमेंट किया यह अमीर बनो, लेकिन गरीब दिखो वाला ट्रेंड अब कुछ ज्यादा ही आगे बढ़ गया है. एक मजाकिया कमेंट में कहा गया लग रहा है जैसे आयरन मैन ने सीने पर लात मार दी हो, लेकिन फिर भी स्टाइलिश है. वहीं एक यूजर ने भावुक अंदाज में कमेंट किया काश मेरे पापा यह देख पाते, जिस जली शर्ट के लिए मुझे डांट पड़ी थी वह आज फैशन बन गई है.





Source link

Share This Article
Satish Kumar Is A Journalist With Over 10 Years Of Experience In Digital Media. He Is Currently Working As Editor At Aman Shanti, Where He Covers A Wide Variety Of Technology News From Smartphone Launches To Telecom Updates. His Expertise Also Includes In-depth Gadget Reviews, Where He Blends Analysis With Hands-on Insights.