Hero MotoCorp Dividend 2026: देश की सबसे बड़ी टू-व्हीलर कंपनियों में शामिल हीरो मोटोकॉर्प ने अपने निवेशकों को बड़ी खुशी देने का ऐलान किया है. कंपनी ने चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के नतीजों के साथ ही शेयरहोल्डर्स के लिए डिविडेंड की घोषणा की है.
बीते हफ्ते गुरुवार को जारी किए गए वित्तीय नतीजों के बाद कंपनी ने जानकारी दी है कि, 5 फरवरी को हुई बोर्ड मीटिंग में प्रति शेयर 110 रुपये का डिविडेंड देने का फैसला लिया गया है. यह डिविडेंड 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर दिया जाएगा. आइए जानते हैं, डिविडेंड से जुड़े रिकॉर्ड डेट और अन्य जानकारियों के बारे में…
इस तारीख तक निवेश करने वालों को मिलेगा डिविडेंड
हीरो मोटोकॉर्प के 110 रुपये के डिविडेंड का लाभ उठाने के लिए निवेशकों के पास अब बहुत कम समय बचा है. कंपनी के मुताबिक, इस डिविडेंड के लिए बुधवार 11 फरवरी को रिकॉर्ड डेट तय की गई है. कंपनी के शेयर इसी दिन एक्स-डिविडेंड ट्रेड करेंगे.
यानी 11 फरवरी को खरीदे गए शेयरों पर डिविडेंड नहीं मिलेगा. ऐसे में उन्हीं निवेशकों को डिविडेंड का लाभ मिलेगा, जिन्होंने 10 फरवरी तक शेयर खरीदे होंगे. निवेशकों के पास कंपनी शेयरों पर दांव लगाने के लिए सिर्फ आज का दिन ही बचा हैं.
इस तारीख तक खाते में आ जाएंगे पैसे
हीरो मोटोकॉर्प की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, योग्य निवेशकों को 7 मार्च तक या उससे पहले डिविडेंड की रकम उनके बैंक खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी.
शेयर बाजार में कंपनी का हाल
शेयर बाजार में कंपनी के प्रदर्शन की बात करें तो, इसमें तेजी थी. बीएसई पर मंगलवार के कारोबारी दिन दोपहर करीब 2:15 बजे कंपनी शेयरों में हल्की तेजी देखने को मिल रही थी. शेयर 0.28 फीसदी या 16.10 रुपये उछलकर 5773.55 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे. दिन का इंट्रा डे हाई 5845.40 रुपये था. शेयरों ने कारोबारी दिन की शुरुआत 5775.35 रुपये पर की थी.

