दिल्ली में नर्सरी एडमिशन को लेकर पेरेंट्स के बीच काफी उत्सुकता बनी हुई है.पहली लिस्ट जारी होने के बाद अब सभी की नजर दूसरी लिस्ट पर टिकी हुई है. कई ऐसे बच्चे हैं जिनका नाम पहली लिस्ट में शामिल नहीं हो पाया था, लेकिन अब उनके पास एडमिशन पाने का एक और मौका है. दिल्ली शिक्षा निदेशालय की गाइडलाइन के अनुसार प्राइवेट स्कूल जल्द ही दूसरी लिस्ट जारी करेंगे. ऐसे में पेरेंट्स के लिए जरूरी है कि वे समय रहते सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें, ताकि एडमिशन प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो.
दूसरी लिस्ट से बढ़ती है एडमिशन की उम्मीद
दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में नर्सरी एडमिशन प्वाइंट सिस्टम के आधार पर किया जाता है. इस सिस्टम के तहत बच्चों को अलग-अलग मानकों पर अंक दिए जाते हैं, जैसे घर से स्कूल की दूरी, सिबलिंग का उसी स्कूल में पढ़ना और अन्य कैटेगरी. पहली लिस्ट जारी होने के बाद कई सीटें भर जाती हैं, लेकिन कुछ सीटें खाली भी रह जाती हैं. इन खाली सीटों को भरने के लिए स्कूल दूसरी लिस्ट जारी करते हैं.जिन बच्चों का नाम पहली लिस्ट में नहीं आया है, उनके लिए दूसरी लिस्ट उम्मीद की नई किरण लेकर आती है. कई बार वेटिंग लिस्ट में शामिल बच्चों को भी इसी दौरान एडमिशन मिल जाता है. इसलिए पेरेंट्स को निराश होने की जरूरत नहीं है और उन्हें लगातार स्कूल की वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर नजर बनाए रखनी चाहिए.
कब जारी होगी दूसरी लिस्ट
कई प्राइवेट स्कूल नर्सरी एडमिशन की दूसरी लिस्ट फरवरी में जारी करते हैं. दूसरी लिस्ट जारी होने के बाद पेरेंट्स को सीमित समय के भीतर एडमिशन प्रक्रिया पूरी करनी होती है. स्कूल की तरफ से तय तारीख पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फीस जमा करनी होती है.अगर तय समय के अंदर एडमिशन प्रक्रिया पूरी नहीं की जाती है, तो सीट किसी दूसरे बच्चे को दी जा सकती है. इसलिए पेरेंट्स को सलाह दी जाती है कि वे स्कूल द्वारा जारी हर अपडेट पर नजर रखें और समय पर सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करें.
एडमिशन के लिए ये डॉक्यूमेंट
- बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र.
- बच्चे की पासपोर्ट साइज फोटो.
- माता-पिता का पहचान पत्र (आधार कार्ड, वोटर आईडी आदि).
- निवास प्रमाण पत्र.
- परिवार का फोटो.
- सिबलिंग से जुड़ा प्रमाण पत्र (अगर लागू हो).
- आय प्रमाण पत्र (अगर जरूरत हो).
- पेरेंट्स को चाहिए कि इन सभी डॉक्यूमेंट की ओरिजिनल कॉपी के साथ-साथ फोटोकॉपी भी पहले से तैयार रखें.
उम्र सीमा
दिल्ली शिक्षा निदेशालय की गाइडलाइन के अनुसार नर्सरी एडमिशन के लिए बच्चे की उम्र तय सीमा के अंदर होना जरूरी है.नर्सरी में एडमिशन के लिए बच्चे की उम्र 3 से 4 साल के बीच होनी चाहिए. इसके अनुसार बच्चे की जन्म तिथि 1 अप्रैल 2021 से 31 मार्च 2022 के बीच होनी चाहिए.वहीं केजी में एडमिशन के लिए उम्र 4 से 5 साल और पहली कक्षा के लिए 5 से 6 साल निर्धारित की गई है. अगर बच्चे की उम्र तय सीमा से ज्यादा या कम होती है, तो स्कूल एडमिशन देने से मना कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें –आरबीआई में नौकरी का अवसर, गुवाहाटी में फार्मासिस्ट पदों के लिए आवेदन शुरू
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI

