Share Market Updates: शेयर बाजार के लिए पिछला हफ्ता काफी वोलाटाइल रहा. नतीजतन, निवेशकों को 16 लाख करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ. पिछले हफ्ते स्टॉक मार्केट इंडेक्स निफ्टी 50 और BSE सेंसेक्स दोनों में गिरावट दर्ज की गई.
इन पर विदेशी निवेशकों की भारी बिकवाली और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर पर गिरने का दबाव रहा. शुक्रवार को रुपया प्रति डॉलर 92 तक पहुंच गया था, लेकिन बाद में थोड़ा सुधरकर अमेरिकी करेंसी के मुकाबले 91.90 पर बंद हुआ.
शुक्रवार को भरभराकर गिरा शेयर बाजार
इस दिन भले ही बाजार पॉजिटिव नोट पर खुला, लेकिन अडानी ग्रुप सहित कई बड़ी कंपनियों के शेयरों में आई तेज गिरावट से बिकवाली का दबाव बढ़ गया. ट्रेडर्स ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि सेफ-हेवन एसेट्स की ओर रुझान और लगातार विदेशी फंड के बाहर जाने के साथ ही मजबूत लोकल ट्रिगर्स की कमी ने इन्वेस्टर के भरोसे को प्रभावित किया.
शुक्रवार को 30 शेयरों वाला BSE सेंसेक्स 769.67 अंक या 0.94 परसेंट गिरकर 81,537.70 पर बंद हुआ. जबकि ट्रेडिंग के दौरान इंडेक्स 835.55 अंक या 1.01 परसेंट तक लुढ़ककर इंट्राडे लो 81,471.82 पर पहुंच गया था. इस दिन BSE पर 2989 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि 1229 में तेजी आई और 143 बिना किसी बदलाव के बंद हुए.
लहू-लुहान हुआ शेयर बाजार
इस बीच, 50-शेयरों वाला NSE निफ्टी 241.25 अंक या 0.95 परसेंट फिसलकर 25,048.65 पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान यह 264.6 अंक या 1.04 परसेंट गिरकर 25,025.30 के निचले स्तर पर पहुंच गया. हफ्ते भर में BSE सेंसेक्स 2,032.65 अंक या 2.43 परसेंट तक गिरा.
NSE निफ्टी में भी 645.7 अंक या 2.51 परसेंट की गिरावट दर्ज की गई. शुक्रवार को, BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट वैल्यू 6,95,963.98 करोड़ घटकर 4,51,56,045.07 करोड़ (4.93 ट्रिलियन डॉलर) हो गया. पूरे हफ्ते में, BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट वैल्यूएशन 16,28,561.85 करोड़ कम हो गया.
अडानी ग्रुप को तगड़ा झटका
सेंसेक्स की टॉप 30 कंपनियों में से अडानी पोर्ट्स, इटरनल, इंडिगो, एक्सिस बैंक, बजाज फिनसर्व, पावर ग्रिड, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, मारुति सुजुकी इंडिया, बजाज फाइनेंस, NTPC, ट्रेंट, लार्सन एंड टुब्रो और रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ.
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के रिसर्च हेड विनोद नायर ने PTI को बताया कि प्रोजेक्ट पूरे होने में देरी और प्रॉफिट बुकिंग के कारण रियल्टी और PSU बैंक के शेयर गिरे, जबकि अमेरिकी रेगुलेटर द्वारा संभावित समन की खबरों के बाद अडानी ग्रुप के शेयरों पर दबाव पड़ा.
बता दें कि अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) ने अडानी ग्रुप के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है. 265 मिलियन डॉलर की रिश्वत से जुड़े एक मामले में SEC ने अमेरिकी कोर्ट से इजाजत मांगी है कि उन्हें गौतम अडानी और उनके भतीजे सागर अडानी को व्यक्तिगत रूप से ईमेल के जरिए समन भेजने की अनुमति दी जाए.
अडानी ग्रुप को अरबों डॉलर की चपत
इस समन के बाद अडानी ग्रुप के शेयरों में बिकवाली शुरू हो गई. खासतौर पर,अडानी एंटरप्राइजेज के शेयरों में 10.65 परसेंट की गिरावट देखी गई और इसकी कीमत फिसलकर 1,864.20 पर आ गई. कुल मिलाकर, अडानी ग्रुप की कंपनियों को इस सेशन में लगभग 12.5 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ.
इस बीच, टेक महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इंफोसिस, एशियन पेंट्स, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाइटन और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों को फायदा पहुंचा.
ये भी पढ़ें:
27 जनवरी को हड़ताल पर रह सकते हैं बैंक कर्मचारी, पूरे 3 दिन तक बैंकिंग सेवाएं रहेंगी ठप!

