Pune News: पुणे से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां पतंग की डोर एक उल्लू के लिए जानलेवा जाल बन गई. सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो में देखा जा सकता है कि पक्षी बिजली के तारों के बीच फंसा हुआ हवा में लटका था और खुद को छुड़ाने में पूरी तरह असमर्थ था. तभी एक स्थानीय निवासी ने हस्तक्षेप किया और अधिकारियों को सूचित किया.
पुणे निवासी अमित खैरनान अपने दिन के काम में व्यस्त थे, तभी उनकी नजर बिजली के खंभे पर पड़ी. उन्होंने देखा कि एक उल्लू पतंग की डोर में उलझा हुआ है. उसके पंख आंशिक रूप से फैले हुए थे और वह बिजली के तारों के बेहद करीब छटपटा रहा था. यह स्थिति बेहद खतरनाक थी, क्योंकि जरा सी चूक उसकी जान ले सकती थी. अमित ने इसस घटना का वीडियो रिकॉड किया, जिसमें उल्लू पतले धागे से लटका हुआ साफ दिखाई दे रहा है.
सूझबूझ से शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
हालात की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तुरंत स्थानीय अग्निशमन विभाग को बुलाया. दमकलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और जोखिम भरे दृश्य का जायजा लिया. दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया. उल्लू काफी ऊंचाई पर फंसा हुआ था और बिजली के तारों में उलझा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद जोखिम भरा था.
शुरुआत में सीढ़ी कम पड़ने से टीम को दिक्कत हुई. कई प्रयासों के बाद एक दमकलकर्मी ने लंबी लकड़ी की छड़ी की मदद से केबल लाइन को थोड़ा नीचे किया, ताकि पक्षी तक पहुंचा जा सके.
सुरक्षित रिहाई और लोगों से अपील
जैसे ही पहुंच संभव हुई, उन्होंने सावधानीपूर्वक चाकू से पतंग की डोर काट दी और उल्लू को मुक्त कर दिया. आजाद होते ही घबराया हुआ उल्लू उड़ने की कोशिश करने लगा. दमकलकर्मियों ने उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ा, ताकि उसे और चोट न लगे, और एहतियातन जांच के लिए पशु चिकित्सक के पास भेज दिया.
इस वीडियो को साझा करते हुए, जिसे अब तक 13 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है, अमित ने बचाव दल को उनकी त्वरित प्रतिक्रिया और संवेदनशीलता के लिए धन्यवाद दिया. एक इंस्टाग्राम यूजर ने लिखा, “जब मैं लोगों को हर जीव का सम्मान करते देखता हूं तो बहुत अच्छा लगता है.” एक अन्य यूजर ने कहा, “उल्लू की देखभाल करने और उसे आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए धन्यवाद.”
अमित ने लोगों से अपील की कि वे जिम्मेदारी से पतंग उड़ाएं, क्योंकि हर साल कई पक्षी पतंग की धारदार या छोड़ी हुई डोरियों की वजह से घायल हो जाते हैं या अपनी जान गंवा देते हैं.