सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसे देखकर लोग हैरानी में पड़ गए हैं. वीडियो एक शादी समारोह का बताया जा रहा है, जहां खुले मंच से दूल्हे को दिए गए दहेज का बाकायदा ऐलान किया जा रहा है. दावा किया जा रहा है कि यह शादी कुरैशी समाज की है. वीडियो में एक शख्स दहेज के पास खड़ा नजर आता है और एक एक चीज गिनाकर सबके सामने बोलता है. जैसे ही दहेज की लिस्ट पढ़ी जाती है, वहां मौजूद मेहमानों के चेहरे देखने लायक हो जाते हैं. वीडियो में जो आंकड़े और गाड़ियां बताई जा रही हैं, उन्हें सुनकर लोग दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गए हैं.
दूल्हे को दहेज में मिले करोड़ों नकद और सोना चांदी
वायरल वीडियो में साफ सुनाई देता है कि माइक पर खड़ा शख्स कहता है कि दूल्हे को 12 चीजें सोने की दी गई हैं. इसके बाद वह ऐलान करता है कि दहेज में एक थार और एक फॉर्च्यूनर भी शामिल है. यहीं वीडियो खत्म नहीं होता. अगले ही पल वह शख्स कहता है कि इसके अलावा 1 करोड़ पांच लाख रुपये नकद भी दिए गए हैं. यह सुनते ही वहां खड़े लोग एक दूसरे की ओर देखने लगते हैं. कुछ लोग हैरान नजर आते हैं तो कुछ मोबाइल निकालकर इस पल को रिकॉर्ड करने लगते हैं.
थार और फॉर्च्यूनर भी शामिल
वीडियो के अगले हिस्से में नई चमचमाती फॉर्च्यूनर और थार दिखाई जाती है. दोनों गाड़ियां फूलों से सजी हुई नजर आती हैं. लोग उनके आसपास खड़े होकर वीडियो बना रहे हैं और तस्वीरें खींच रहे हैं. सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि अब शादियों में स्टेज पर दहेज का प्रदर्शन भी होने लगा है. गाड़ियों को इस तरह दिखाया जा रहा है जैसे कोई बड़ी उपलब्धि हो. वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.
यह भी पढ़ें: दूल्हा है या रहमान डकैत? FA9LA पर मारी ऐसी एंट्री कि हर कोई हो गया फिदा, यूजर्स ने यूं किया सलाम
यूजर्स बोले, दहेज सामाजिक बुराई है, इसे मिटा देना चाहिए
वीडियो को bigbrand_qureshi_770 नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा है तो वहीं कई लोगों ने वीडियो को लाइक भी किया है. ऐसे में सोशल मीडिया यूजर्स वीडियो को लेकर तरह तरह के रिएक्शन दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा…दहेज देना और लेना अपराध है. एक और यूजर ने लिखा…दूल्हा कितना कमाता है ये भी देख लेना भाई. तो वहीं एक और यूजर ने लिखा…दहेज एक सामाजिक बुराई है, इसे बढ़ावा क्यों दिया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: पीली ड्रेस पहनें या पीला रेनकोट? बसंत पंचमी पर मौसम ने ली करवट तो कंफ्यूज हुए यूजर्स, वायरल हुए मीम्स

