बिहार में दो सेंटर पर CTET 2 की परीक्षा हुई रद्द, जानें यहां अब कब होंगे एग्जाम?

सतीश कुमार
4 Min Read


देश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) एक बेहद अहम परीक्षा मानी जाती है. हालांकि, जब ऐसी जरूरी परीक्षा में अव्यवस्था सामने आती है तो सबसे ज्यादा नुकसान अभ्यर्थियों को उठाना पड़ता है. बिहार में एक बार फिर परीक्षा व्यवस्था की खामियां उजागर हुई हैं, जहां CTET 2026 की परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. समय पर परीक्षा न होना, सही जानकारी का अभाव और प्रशासनिक लापरवाही के कारण स्थिति इतनी बिगड़ गई कि अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा और हंगामा खड़ा हो गया. इस घटना ने न सिर्फ परीक्षा आयोजन पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि छात्रों के भविष्य को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है.

क्या है पूरा मामला?

यह घटना बिहार के वैशाली जिले की है. यहां के केशोपुर स्थित सेंट जॉन्स एकेडमी परीक्षा केंद्र पर CTET पेपर-2 की परीक्षा सुबह 9:30 बजे शुरू होनी थी. एक हजार से ज्यादा अभ्यर्थी तय समय से पहले ही परीक्षा केंद्र पहुंच चुके थे, लेकिन जब समय बीत गया और परीक्षा सामग्री नहीं आई तो छात्रों की बेचैनी बढ़ने लगी. सुबह 11 बजे तक न तो प्रश्न पत्र पहुंचे और न ही कोई साफ सूचना दी गई. घंटों इंतजार के बाद अभ्यर्थियों का धैर्य जवाब दे गया. परीक्षा केंद्र पर माहौल तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते अफरा-तफरी मच गई.

अभ्यर्थियों का विरोध और हंगामा

परीक्षा में हो रही देरी से नाराज अभ्यर्थियों ने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए. गुस्साए छात्र परीक्षा केंद्र से बाहर निकल आए और सड़क पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करने लगे. स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाया गया. बाद में जब अधिकारी प्रश्नपत्र लेकर पहुंचे, तब तक अभ्यर्थी परीक्षा देने से इनकार कर चुके थे. छात्रों ने सामूहिक रूप से परीक्षा का बहिष्कार कर दिया. हालात को काबू में रखने के लिए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया.

किन-किन केंद्रों पर रद्द हुई परीक्षा?

CBSE की ओर से जारी बयान में बताया गया कि 7 फरवरी 2026 को CTET पेपर-2 की परीक्षा देशभर में 1803 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी. इनमें से 1801 केंद्रों पर परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई. हालांकि, वैशाली (हाजीपुर) जिले के दो परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा नहीं हो सकी. सेंट जॉन्स एकेडमी, बारामती नगर और लक्ष्य इंटरनेशनल एकेडमी, इन दोनों केंद्रों पर परीक्षा अपरिहार्य कारणों से रद्द करनी पड़ी. CBSE ने साफ किया है कि परीक्षा लगभग पूरी तरह सफल रही, लेकिन वैशाली के इन दो केंद्रों पर स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई थी. इसलिए वहां परीक्षा आयोजित नहीं की जा सकी. बोर्ड ने यह भी भरोसा दिलाया है कि जिन अभ्यर्थियों को इन केंद्रों पर परीक्षा देनी थी, उन्हें दोबारा मौका दिया जाएगा.

अब कब होगी दोबारा परीक्षा?

CBSE के अनुसार, इन दोनों केंद्रों के प्रभावित उम्मीदवारों के लिए री-एग्जाम अगले 15 दिनों के भीतर आयोजित किया जाएगा. री-एग्जाम की नई तारीख और समय की जानकारी अलग से उम्मीदवारों को दी जाएगी, जिसे आधिकारिक वेबसाइट पर भी जारी किया जाएगा. वहीं CTET 2026 परीक्षा का रिजल्ट मार्च 2026 के आखिरी सप्ताह या अप्रैल 2026 की शुरुआत में जारी होने की संभावना है.अभ्यर्थी अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट ctet.nic.in या डिजिलॉकर पर जाकर देख सकेंगे.

यह भी पढ़ें – अग्निवीर योजना में बड़ा बदलाव, अब आवेदन के समय ही करना होगा ये काम

Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI



Source link

Share This Article
Satish Kumar Is A Journalist With Over 10 Years Of Experience In Digital Media. He Is Currently Working As Editor At Aman Shanti, Where He Covers A Wide Variety Of Technology News From Smartphone Launches To Telecom Updates. His Expertise Also Includes In-depth Gadget Reviews, Where He Blends Analysis With Hands-on Insights.