Mahashivratri in Haridwar: आज महाशिवरात्रि के मौके पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का महासैलाब, श्रद्धालु हर की पौड़ी से गंगाजल लेकर शिवालयों की ओर बढ़े. देश के कोने-कोने से हजारों शिवभक्त यहां पहुंच रहे हैं और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा शहर गुंजायमान है.
ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालु हर की पौड़ी पर स्नान कर गंगाजल भर रहे हैं और फिर विभिन्न शिवालयों की ओर जलाभिषेक के लिए रवाना हो रहे हैं. वहीं हरिद्वार के कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि की ब्रह्ममुहूर्तभव्य आरती का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया.
शिवरात्रि के मौके पर मंदिरों को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया
मंदिर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया, वहीं भगवान शिव का विशेष श्रृंगार कर हल्दी, चंदन और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की गई. आरती के दौरान पूरा परिसर “हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी.
प्रशासन और मंदिर समितियों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग और सुगम दर्शन व्यवस्था के जरिए भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा है. श्रद्धालु गंगाजल, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि और शांति की कामना कर रहे हैं.
हरिद्वार समेत तमाम शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़
महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर हरिद्वार एक बार फिर आस्था, विश्वास और शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है. उम्मीद की जा रही है कि, आज पूरे दिन शिव भक्तों की भीड़ ऐसे ही बनी रहेगी. हरिद्वार से लेकर उज्जैन के महाकाल मंदिर और वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं.
आज महाशिवरात्रि के मौके पर देश के अलग-अलग हिस्सों में शिव बारात निकलने के साथ भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा. इस दौरान भक्त देश के तमाम छोटे-बड़े शिव मंदिरों में भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने के साथ जलाभिषेक भी करेंगे.
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.a

