UPSC की तैयारी का नाम सुनते ही कई छात्रों को लगता है कि यह बहुत कठिन और लंबा सफर है. सच यह है कि यह परीक्षा आसान नहीं है, लेकिन सही दिशा और मजबूत इरादे के साथ इसे पास किया जा सकता है. अक्सर कैंडिडेट्स सबसे बड़ी गलती यही करते हैं कि वे शुरुआत में ही ज्यादा उलझ जाते हैं कौन सी किताब लें, कोचिंग जॉइन करें या नहीं, कितने घंटे पढ़ें, ऑप्शनल क्या रखें. अगर आप भी ऐसी ही दुविधा में हैं, तो घबराइए नहीं. नियमित मेहनत और सकारात्मक सोच आपको सफलता तक जरूर पहुंचा सकती है.
सबसे पहले खुद से पक्का वादा करें
UPSC की तैयारी में सबसे जरूरी चीज है अनुशासन. अगर आपने तय किया है कि रोज अखबार पढ़ना है या 6-8 घंटे पढ़ाई करनी है, तो उसमें समझौता मत कीजिए. कई बार मन नहीं करता, थकान होती है, लेकिन यही वह समय होता है जब आपको खुद को मजबूत बनाना होता है. लगातार मेहनत ही इस परीक्षा की असली कुंजी है.
खाली समय का सही इस्तेमाल करें
दिनभर में हमें कई छोटे-छोटे खाली पल मिलते हैं जैसे बस या मेट्रो में सफर करते समय, किसी का इंतजार करते हुए या ब्रेक के दौरान. इन पलों को यूं ही बर्बाद न करें.आप छोटे नोट्स पढ़ सकते हैं, करंट अफेयर्स रिवाइज कर सकते हैं या कोई छोटा टॉपिक देख सकते हैं. यही छोटी-छोटी कोशिशें लंबे समय में बड़ा फायदा देती हैं.
कोचिंग जरूरी है या नहीं?
बहुत से छात्र मानते हैं कि बिना कोचिंग UPSC पास नहीं हो सकती. लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है. कोचिंग एक सहारा हो सकती है, मंजिल नहीं. अगर कोई क्लास समझ नहीं आ रही, तो घर पर बैठकर खुद पढ़ना ज्यादा फायदेमंद हो सकता है. याद रखिए, आपने फीस ज्ञान के लिए दी है, सिर्फ क्लास अटेंड करने के लिए नहीं. अपनी समझ विकसित करें और खुद सोचने की आदत डालें.
ऑप्शनल विषय सोच-समझकर चुनें
ऑप्शनल चुनते समय अफवाहों पर भरोसा न करें. वही विषय चुनें जिसमें आपकी रुचि हो और जिसे आप लंबे समय तक पढ़ सकें. सिर्फ इसलिए कोई विषय न लें क्योंकि वह “स्कोरिंग” बताया जाता है. आपकी रुचि और समझ ही असली ताकत है.
अपनी परिस्थितियों को ताकत बनाएं
हर किसी की परिस्थितियां अलग होती हैं. किसी के पास संसाधन ज्यादा होते हैं, तो किसी के पास कम. लेकिन परिस्थितियों को बहाना न बनाएं.उन्हें स्वीकार करें और उनसे लड़ने का हौसला रखें. अनुशासन, ईमानदारी और निरंतर मेहनत आपको मंजिल तक पहुंचा सकती है.
यह भी पढ़ें – क्रिकेट ब्रॉडकास्टिंग में करियर कैसे बनाएं, ऐसे बनें क्रिकेट कैमरामैन!
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI

