India EU Free Trade Agreement: शेयर बाजार में भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते का असर देखने को मिल रहा है. इस ऐतिहासिक समझौते के बाद मंगलवार, 27 जनवरी को बाजार में खासकर एक्सपोर्ट से जुड़ी कंपनियों में जबरदस्त हलचल देखने को मिली है. टेक्सटाइल निर्यात करने वाली कई कंपनियों के शेयरों में करीब 12 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई है.
लंबे समय से अटकी इस डील के पूरा होने से निवेशकों में भरोसा बढ़ा है और इसका सीधा फायदा कुछ चुनिंदा शेयरों को मिल रहा है. साथ ही इससे भारतीय जेम्स एंड ज्वेलरी कारोबार को भी फायदा पहुंचने की उम्मीद की जा रही है. आइए जानते हैं, किन शेयरों में तेजी रही और ज्वेलरी सेक्टर को कैसे लाभ मिल सकता है?
ज्वेलरी सेक्टर को मिलेगा एक्सपोर्ट में बड़ा फायदा
भारतीय जेम्स एंड ज्वेलरी की मांग पूरी दुनिया में बनी रहती है. हालांकि, अमेरिकी सरकार के 50 फीसदी टैरिफ के फैसले के बाद निर्यातकों में बहुत निराशा थी. कारोबारियों को काफी नुकसान भी उठाना पड़ रहा था. यूरोपीय संघ के साथ भारत की इस डील के बाद भारतीय जेम्स एंड ज्वेलरी सेक्टर को यूरोपीय मार्केट में विस्तार करने का नया अवसर मिलेगा. जेम्स एंड ज्वेलरी में लगने वाले 10 फीसदी टैरिफ को जीरो किया जाएगा.
इस समझौते के लागू होते ही श्रम-प्रधान उद्योगों को सबसे ज्यादा फायदा मिलने की उम्मीद है. टेक्सटाइल, रेडीमेड गारमेंट्स, लेदर, फुटवियर, मरीन प्रोडक्ट्स, हस्तशिल्प, इंजीनियरिंग गुड्स और ऑटोमोबाइल जैसे सेक्टरों के लगभग 33 अरब डॉलर के निर्यात पर लगने वाले 10 फीसदी तक के टैरिफ को खत्म कर दिया जाएगा. इससे इन क्षेत्रों की वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा और मजबूत होगी.
इन शेयरों में दिखी तेजी
मंगलवार को शेयर बाजार में कुछ टेक्सटाइल और फूड से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिली. गोकलदास एक्सपोर्ट्स के शेयर 5 प्रतिशत से ज्यादा चढ़कर बीएसई पर 585 रुपये के स्तर तक पहुंच गए थे. वहीं, केपीआर मिल के शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली और इसका भाव करीब 3 प्रतिशत बढ़ गया था.
इसके अलावा, वेल्सपन लिविंग के शेयरों में 3.5 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई. जिसके बाद स्टॉक 125.25 रुपये के इंट्रा-डे हाई पर पहुंच गया. वर्धमान टेक्सटाइल के शेयर 5 प्रतिशत उछलकर 422 रुपये तक पहुंच गए थे. जबकि ट्रिडेंट के शेयरों में 4 प्रतिशत की तेजी दर्ज की जा रही थी. कारोबारी दिन के दौरान शेयरों ने 26.42 रुपये का इंट्रा-डे हाई बनाया.
फूड सेक्टर की बात करें तो अवंति फीड्स के शेयरों में भी करीब 3 प्रतिशत की मजबूती देखने को मिली. वहीं, एपेक्स फ्रोजन फूड्स के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही और इसका भाव 12 प्रतिशत तक बढ़ गया.
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ़ सूचना हेतु दी जा रही है. यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है. निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें. ABPLive.com की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है.)
यह भी पढ़ें: उधर India-EU ट्रेड डील हुई और इधर भरभरा कर गिर गए ऑटो सेक्टर कंपनियों के शेयर; 5 फीसदी तक टूटे स्टॉक, जानें डिटेल

