होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) ने फरवरी 2026 में अपनी टू-व्हीलर बिक्री में बेहतर बढ़ोतरी दर्ज की है. कंपनी की कुल बिक्री 5,67,351 यूनिट्स रही, जो पिछले साल फरवरी 2025 की 4,22,449 यूनिट्स से 34.30% अधिक है. इस वृद्धि का मुख्य कारण घरेलू बाजार में मजबूत मांग रहा, जहां बिक्री 5,13,190 यूनिट्स पहुंच गई, जो पिछले साल की 3,83,918 यूनिट्स से 33.67% ऊपर है.
एक्सपोर्ट में भी 40.56% की वृद्धि देखी गई, जिसमें 54,161 यूनिट्स का एक्सपोर्ट हुआ, जबकि पिछले साल ये संख्या 38,531 थी. फरवरी 2026 की बिक्री में घरेलू बाजार का हिस्सा 90.45% रहा, जबकि निर्यात का 9.55% था. कुल मिलाकर, कंपनी ने 1,44,902 यूनिट्स की अतिरिक्त बिक्री हासिल की, जो बाजार में होंडा की मजबूत स्थिति को दर्शाता है. होंडा के पॉपुलर मॉडल जैसे एक्टिवा स्कूटर और शाइन मोटरसाइकिल ने घरेलू बाजार में प्रमुख भूमिका निभाई है.
मासिक स्तर पर गिरावट
जनवरी 2026 की तुलना में फरवरी की बिक्री में थोड़ी गिरावट आई है. जनवरी में कुल बिक्री 5,74,411 यूनिट्स थी, जबकि फरवरी में ये ये 1.23% की गिरावट के साथ 5,67,351 यूनिट्स रही. घरेलू बिक्री में 6,389 यूनिट्स की कमी (-1.23%) और निर्यात में 671 यूनिट्स की कमी (-1.22%) दर्ज की गई है. साल-दर-साल की वृद्धि से कंपनी का प्रदर्शन सकारात्मक बना हुआ है.
लगातार हो रही सेल
वित्त वर्ष 2025-26 (वाईटीडी) की बात करें तो, होंडा की कुल बिक्री 58,20,556 यूनिट्स पहुंच गई है, जो पिछले वित्त वर्ष की 54,04,216 यूनिट्स से 7.70% अधिक है. घरेलू बाजार में 52,37,169 यूनिट्स की बिक्री हुई, जो 6.33% की वृद्धि दर्शाती है, जबकि निर्यात 5,83,387 यूनिट्स पहुंचकर 21.80% ऊपर है. इस वित्त वर्ष में कुल अतिरिक्त बिक्री 4,16,340 यूनिट रही. घरेलू बाजार का हिस्सा 89.98% और निर्यात का 10.02% रहा. ये आंकड़े दर्शाते हैं कि होंडा एक्सपोर्ट मार्केट में तेजी से विस्तार कर रही है.
इन कंपनियों से मुकाबला
भारतीय टू-व्हीलर बाजार में होंडा की हिस्सेदारी मजबूत बनी हुई है, जहां हीरो मोटोकॉर्प, टीवीएस और बजाज जैसी कंपनियां बड़ी कंपटीटर्स बनी हुई हैं. फरवरी की वृद्धि से कंपनी को ईवी सेगमेंट में निवेश बढ़ाने का प्रोत्साहन मिलेगा. अभी तक इसे ईवी मार्केट से अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिला है. उम्मीद है कि आने वाले दिनों में अपने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स को और अधिक बेहतर बनाकर बेचने की कोशिश करेगी.