Isha Sadhguru Mahashivratri 2026: महाशिवरात्रि का पावन पर्व रविवार 15 फरवरी 2026 को मनाया जा रहा है. महाशिवरात्रि के उत्सव में सद्गुरु के ईशा फाउंडेशन का जिक्र न हो ऐसा भला कैसे हो सकता है. हर साल की तरह इस साल भी महाशिवरात्रि की रात ईशा योग केंद्र पर बेहद खास होने वाली है. कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दुनियाभर में 23 भाषाओं के साथ किया जाएगा. मुख्य अतिथि के रूप में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे.
पहली बार होगा योगेश्वर लिंग महा अभिषेक
ईशा योग केंद्र में सद्गुरु के सानिध्य में इस साल 33वां महाशिवरात्रि उत्सव मनाया जाएगा. ईशा योग केंद्र में हर साल महाशिवरात्रि का उत्सव शाम से शुरू होकर अगली सुबह तक चलता है. इस दौरान पंचभूत क्रिया, लिंग भैरवी महायात्रा, सांस्कृतिक और संगीत का आयोजन भी होता है. लेकिन इस वर्ष पहली बार योगेश्वर लिंग महा अभिषेक होगा, जिसे स्वयं सद्गुरु करेंगे.
ये भी पढ़ें: Mahashivratri Magh Mela Snan 2026: महाशिवरात्रि पर माघ मेला का अंतिम स्नान आज, पुण्य लाभ के लिए जुटे श्रद्धालु
रक्षा मंत्री होंगे मुख्य अतिथि
तमिलनाडु के ईशा योग केंद्र में आयोजित महाशिवरात्रि के उत्सव में इस साल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं. इसके साथ ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) और सूचना एवं प्रसारण और संसदीय कार्य राज्य मंत्री एल मुरुगन (L. Murugan) समेत कई प्रमुख गणमान्य भी मौजूद रहेंगे.
ईशा योग केंद्र (Isha Yoga Center) में आयोजित होने वाला महाशिवरात्रि उत्सव 15 फरवरी की शाम 6 बजे से शुरू होकर लगभग 12 घंटे तक चलता है. पूरी रात यह आध्यात्मिक उत्सव भक्ति, संगीत, ध्यान और ऊर्जा से भरा होता है. महाशिवरात्रि की रात को महान रात कहा जाता है, जोकि आध्यात्मिक उन्नति का विशेष अवसर देती है. मान्यता है कि, महाशिवरात्रि की रात ग्रहों की स्थिति ऐसी होती है, जो साधना के लिए बेहद अनुकूल होती है. यह कार्यक्रम 100 से अधिक टीवी चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 23 से अधिक भाषाओं में दुनियाभर में लाइव दिखाया जाएगा. इस तरह से आप भी इस महान रात्रि के आध्यात्मिक उत्सव से जुड़ सकते हैं.
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.a

