LTE and VoLTE: क्या आपने कभी अपने मोबाइल की स्क्रीन के ऊपर दाईं ओर नजर डाली है और वहां दिख रहे LTE या VoLTE के मतलब के बारे में सोचा है? रोजाना इन संकेतों को देखने के बावजूद बहुत से लोग यह नहीं जानते कि ये उनके नेटवर्क और कॉल क्वालिटी के बारे में क्या जानकारी देते हैं. आइए आसान भाषा में समझते हैं इन दोनों शब्दों का असली अर्थ.
LTE का पूरा नाम और काम
LTE का फुल फॉर्म Long Term Evolution है. यह वायरलेस ब्रॉडबैंड तकनीक का एक मानक है जिसे आम तौर पर 4G LTE के नाम से प्रचारित किया जाता है. सरल शब्दों में कहें तो LTE वही तकनीक है जो आपके फोन को तेज रफ्तार मोबाइल इंटरनेट उपलब्ध कराती है.
जब आपके फोन पर LTE लिखा आता है तो इसका मतलब है कि आपका डिवाइस 4G नेटवर्क से जुड़ा हुआ है. यह नेटवर्क पुरानी 2G और 3G तकनीक के मुकाबले कहीं ज्यादा तेज डेटा स्पीड देता है. इसकी वजह से वीडियो स्ट्रीमिंग स्मूथ होती है फाइलें जल्दी डाउनलोड होती हैं, ऑनलाइन गेमिंग बेहतर चलती है और इंटरनेट ब्राउज़िंग का अनुभव ज्यादा शानदार हो जाता है.
हालांकि शुरुआत में LTE का मुख्य फोकस डेटा सर्विस पर था. उस समय इंटरनेट 4G पर चलता था लेकिन वॉइस कॉल अक्सर 2G या 3G नेटवर्क के जरिए की जाती थीं.
VoLTE क्या है और यह क्यों खास है?
VoLTE का पूरा नाम Voice over Long Term Evolution है. जैसा कि नाम से साफ है यह तकनीक वॉइस कॉल को सीधे 4G LTE नेटवर्क पर करने की सुविधा देती है. यानी कॉल करने के लिए फोन को पुराने नेटवर्क पर स्विच नहीं करना पड़ता.
अगर आपके फोन पर VoLTE दिख रहा है तो इसका मतलब है कि आपका हैंडसेट और नेटवर्क दोनों 4G के जरिए हाई-डेफिनिशन वॉइस कॉल सपोर्ट करते हैं. VoLTE कॉल्स में आवाज ज्यादा साफ सुनाई देती है, कॉल कनेक्ट होने में कम समय लगता है और आप बात करते हुए भी तेज इंटरनेट का इस्तेमाल कर सकते हैं.
4G और 5G के दौर में LTE और VoLTE की अहमियत
आज टेलीकॉम कंपनियां तेजी से 4G और 5G नेटवर्क का विस्तार कर रही हैं. ऐसे में LTE और VoLTE जैसी तकनीकें करोड़ों यूजर्स को भरोसेमंद इंटरनेट और बेहतर कॉलिंग अनुभव देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं.
संक्षेप में कहें तो अगर आपके फोन पर LTE दिखता है तो आप तेज डेटा नेटवर्क पर हैं. और अगर VoLTE दिखता है तो इसका मतलब है कि आप 4G पर साफ और बेहतर क्वालिटी वाली कॉल कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें:
एक लिंक और पूरा फोन खाली! स्क्रीन-शेयरिंग स्कैम कैसे भारतीयों को बना रहा है शिकार

