First Car Buying Tips: अपनी पहली कार खरीदना लगभग सभी की एक ख्वाहिश होती है. अगर आप भी आने वाले दिनों में 10 लाख तक के बजट में अपनी पहली कार तलाश रहे हैं कनफ्यूज हैं कि पेट्रोल या CNG में किसे चुना जाए, तो हमारा ये आर्टिकल आपके काम का है. दस लाख से कम कीमत वाले सेगमेंट में चुनने के लिए अच्छी हैचबैक से लेकर छोटी और बेहतर SUVs भी उपलब्ध हैं.पहली बार गाड़ी खरीदने वाले अक्सर दो तरह की उलझन में रहते हैं.
इंजन की स्मूथ परफॉरमेंस और पावर को प्राथमिकता देनी चाहिए या फिर हर महीने होने वाले फ्यूल खर्च में बड़ी बचत का ध्यान रखना चाहिए. एक ओर पेट्रोल कारें अपनी रिफाइंड ड्राइविंग और लंबी दूरी की यात्राओं के लिए भरोसेमंद मानी जाती हैं, वहीं दूसरी ओर ‘ट्विन सिलेंडर’ जैसी मॉडर्न तकनीक वाली CNG कारों ने बूट स्पेस की पुरानी समस्या को काफी हद तक हल कर दिया है. ऐसे में आइए जानते हैं कि ₹10 लाख के बजट में कौन सा फ्यूल ऑप्शन आपके लिए सबसे बेहतर ऑप्शन होगा? हम अलग-अलग फैक्ट्स पर नजर डालेंगे.
1. रनिंग कॉस्ट और माइलेज
अगर आप अपनी पहली कार मुख्य रूप से ऑफिस जाने या शहर के अंदर चलाने के लिए ले रहे हैं, जहां रोजाना 40-50 किलोमीटर का सफर तय होना है, तो CNG आपके लिए सबसे किफायती विकल्प है. पेट्रोल की तुलना में CNG का माइलेज लगभग 25-34 किमी/किलोग्राम तक होता है, जो आपकी रनिंग कॉस्ट को पेट्रोल के मुकाबले लगभग आधा कर देता है. वहीं, अगर आपकी कार हफ्ते में एक-दो बार ही निकलती है या महीने का कुल सफर 500 किमी से कम है, तो पेट्रोल कार की शुरुआती कम कीमत आपके लिए ज्यादा फायदेमंद होगी.
2. परफॉरमेंस और ड्राइविंग एक्सपीरिएंस
पहली बार कार चलाने वालों के लिए ड्राइविंग फील बहुत मायने रखता है. पेट्रोल इंजन अपनी साइलेंट वर्किंग और तुरंत पिकअप (Torque) के लिए जाने जाते हैं. हाईवे पर ओवरटेकिंग या पहाड़ों पर चढ़ाई के दौरान पेट्रोल इंजन ज्यादा कॉन्फिडेंस देते हैं. हालांकि, मारुति और टाटा जैसी कंपनियों ने अपनी CNG किट्स को काफी रिफाइंड किया है, लेकिन फिर भी पेट्रोल की तुलना में 10-15% पावर की कमी महसूस होती ही है.
3. बूट स्पेस और यूटिलिटी
अक्सर पहली कार का इस्तेमाल फैमिली ट्रिप्स के लिए होता है. पुरानी CNG कारों में सिलेंडर की वजह से बूट स्पेस पूरी तरह खत्म हो जाता था. लेकिन 2026 में टाटा मोटर्स की ‘ट्विन सिलेंडर’ तकनीक ने इसे बदल दिया है, जहां सिलेंडर नीचे शिफ्ट कर दिए गए हैं और ऊपर सामान रखने की जगह मिलती है. फिर भी, एक प्योर पेट्रोल कार में आपको बिना किसी समझौते के पूरा कार्गो स्पेस मिलता है, जो लंबी यात्राओं के लिए जरूरी है.
4. मेंटेनेंस और रिसेल वैल्यू
पेट्रोल कारों की सर्विसिंग आमतौर पर सस्ती और सरल होती है. CNG कारों में हर कुछ सालों में सिलेंडर की जांच और लीकेज टेस्ट कराना जरूरी होता है. रिसेल वैल्यू की बात करें तो, पुराने समय में पेट्रोल कारों की मांग ज्यादा थी, लेकिन ईंधन की बढ़ती कीमतों के कारण अब सेकंड हैंड मार्केट में कंपनी-फिटेड CNG कारों की मांग और कीमत दोनों ही काफी अच्छी मिलने लगी है.
आपके लिए क्या सही है?
अगर आप ड्राइविंग के शौकीन हैं, आपको ज्यादा पावर चाहिए, आपकी रनिंग कम है और आप बूट में ज्यादा सामान लेकर यात्रा करना पसंद करते हैं, तो पेट्रोल गाड़ियां आपके लिए बेस्ट हैं. वहीं, यदि आपका उद्देश्य ईंधन के खर्च को कम रखना है, आपकी डेली रनिंग ज्यादा है और आप शहर के ट्रैफिक में ज्यादा समय बिताते हैं, तो बेझिझक एक CNG Car खरीद लें.

