इंडियन ऑटो मार्केट में 5 से 6 लाख रुपये का बजट एक ऐसा सेगमेंट है, जहां हर खरीदार एक बड़े असमंजस में फंसता है. शोरूम से नई एंट्री-लेवल कार ली जाए या यूज्ड कार मार्केट से एक बड़ा और प्रीमियम मॉडल? इस बजट में नई कार आपको जीरो-किलोमीटर का सुकून, 3 से 5 साल की ऑफिशियल वारंटी, जीरो रिपेयर वर्क और मानसिक शांति देती है. हालांकि, इसमें आपको बेसिक फीचर्स, 3-सिलेंडर इंजन और सीमित केबिन स्पेस से समझौता करना पड़ सकता है.
दूसरी ओर, इसी बजट में पुरानी कार बाजार में 3 से 5 साल पुरानी टॉप-वेरिएंट प्रीमियम हैचबैक या कॉम्पैक्ट एसयूवी आसानी से मिल जाती है. यहां आपको बेहतर बिल्ड क्वालिटी, ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन और मॉडर्न फीचर्स मिलते हैं, लेकिन साथ ही अचानक आने वाले मेंटेनेंस खर्च और छिपी हुई तकनीकी समस्याओं का जोखिम भी बना रहता है. आइए एक कैलकुलेशन से समझते हैं कि 5-6 लाख रुपये के बजट में नई कार खरीदना सही रहेगा या फिर पुरानी कार पर भी भरोसा किया जा सकता है?
Old vs New Car: 5 साल का कैलकुलेशन
गाड़ी की असल लागत सिर्फ उसकी खरीद कीमत नहीं होती, बल्कि अगले 5 वर्षों में होने वाला डेप्रिसिएशन, लोन पर लगने वाला ब्याज, मेंटेनेंस और इंश्योरेंस का टोटल होती है. आइए जानते हैं कि लंबे समय में दोनों तरह की कार खरीदने में कितना अंतर आता है.
| पैरामीटर | नई एंट्री-लेवल कार (जैसे Alto K10 / Kwid) | पुरानी प्रीमियम कार (जैसे 4 साल पुरानी Baleno / Brezza) |
|---|---|---|
| खरीद मूल्य (ऑन-रोड) | ₹5,50,000 | ₹5,50,000 |
| लोन ब्याज दर (औसतन) | 8.5% से 9% | 12% से 14% |
| 5 साल का लोन ब्याज (₹4 लाख लोन पर) | ₹95,000 | ₹1,40,000 |
| 5 साल में मेंटेनेंस व पार्ट्स खर्च | ₹25,000 – ₹35,000 | ₹70- ₹90 हजार (टायर, सस्पेंशन, क्लच आदि) |
| इंश्योरेंस प्रीमियम (5 साल) | ₹65,000 | ₹45,000 |
| 5 साल बाद अनुमानित रीसेल वैल्यू | ₹3,00,000 (डेप्रिसिएशन: 45%) | ₹3,30,000 (डेप्रिसिएशन: 40%) |
| 5 साल का कुल ओनरशिप खर्च | ₹4,35,000 | ₹5,15,000 |
नई कार के फायदे और सीमाएं
₹5-6 लाख के बजट में नई कार चुनना उन लोगों के लिए सबसे मुफीद है जो पहली बार कार खरीद रहे हैं. इसके अलावा नीचे दिए गए प्वाइंट्स भी समझने की ज़रूरत है-
- विश्वसनीयता: नई गाड़ी में शुरुआती 3 से 4 साल तक केवल रूटीन ऑयल चेंज का खर्च होता है. ब्रेकडाउन का डर बिल्कुल नगण्य रहता है.
- सस्ता फाइनेंस: बैंकों और एनबीएफसी की तरफ से नई कारों पर 8.5% से 9% की आकर्षक ब्याज दरें मिलती हैं, जिससे EMI का बोझ कम रहता है.
- बेहतर माइलेज: मारुति ऑल्टो K10 या रेनो क्विड जैसी कारें 22 से 24 किमी/लीटर का शानदार माइलेज देती हैं, जो डेली रनिंग कॉस्ट को घटाता है.
- कमियां: केबिन में प्लास्टिक क्वालिटी बेसिक रहती है, रियर सीट स्पेस कम होता है और हाई-स्पीड पर हाईवे स्टेबिलिटी सीमित मिलती है.
सेकंड-हैंड कार के फायदे और जोखिम
अगर आप स्पेस, सेफ्टी और स्टेटस को प्राथमिकता देते हैं, तो यूज्ड कार बाजार एक शानदार विकल्प खोलता है. हालांकि, पुरानी कार खरीदते समय आपको कैलकुलेटिव रिस्क भी लेने होते हैं. आइए पुरानी कार खरीदने के नफा-नुकसान भी समझते हैं.
- बड़ी और बेहतर गाड़ी: ₹5.5 लाख में आपको 2019-2021 मॉडल की मारुति बलेनो, हुंडई आई20, होंडा जैज या विटारा ब्रेजा का टॉप/मिड वेरिएंट मिल सकता है.
- स्लो डेप्रिसिएशन: नई कार पहले 3 सालों में 40% तक वैल्यू खो देती है. पुरानी कार खरीदने पर बड़ा डेप्रिसिएशन पहला ओनर झेल चुका होता है.
- हाईवे पर बेहतर परफॉर्मेंस: 1.2-लीटर या 1.5-लीटर 4-सिलेंडर इंजन के साथ बेहतर राइड क्वालिटी, 6 एयरबैग्स (चुनिंदा मॉडल्स में) और क्रूज कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलते हैं.
- हिडेन चार्जेस: यूज्ड कार लोन पर ब्याज दरें 13-14% तक पहुंच जाती हैं. साथ ही टायर रिप्लेसमेंट, क्लच प्लेट, सस्पेंशन बुश और बैटरी बदलने का खर्च पहले 2 साल में आ सकता है.
खरीदारी से पहले इन बातों का रखें ध्यान
पुरानी कार का चयन करते समय सर्टिफाइड प्री-ओन्ड प्लेटफॉर्म्स (जैसे Maruti True Value या Spinny) को प्राथमिकता दें. कार की सर्विस हिस्ट्री कंपनी के सर्टिफाइट सर्विस सेंटर से निकालें और मीटर टेम्पियरिंग या एक्सीडेंटल हिस्ट्री जरूर चेक कराएं.
अगर आपका मंथली रनिंग 1200-1500 किमी से अधिक है और आप गाड़ी को सिर्फ शहर के रोजमर्रा के कामों व ऑफिस आने-जाने के लिए ले रहे हैं, तो नई कार चुनना आर्थिक रूप से समझदारी है. वहीं, अगर आपकी प्राथमिकता फैमिली स्पेस, हाईवे स्टेबिलिटी और कम्फर्ट है, तो किसी मैकेनिक से पूरी जांच कराकर 40,000-50,000 KM चली सर्टिफाइड यूज्ड कार लेना एक वैल्यू-फॉर-मनी सौदा साबित होगा.