नई कार खरीदने का प्लान कर रही फैमिली और युवाओं के लिए 2026 Honda City Facelift और Hyundai Verna दोनों ही आकर्षक विकल्प हैं. Honda City का नया फेसलिफ्ट स्पोर्टी लुक, हाइब्रिड विकल्प और विश्वसनीयता के साथ आता है, जबकि Hyundai Verna स्टाइलिश डिजाइन, पावरफुल टर्बो इंजन और फीचर-लोडेड केबिन के साथ युवाओं को आकर्षित करती है. Honda City की ₹12 लाख से शुरू होकर ₹21 लाख तक जाती है, जबकि Verna ₹10.98 लाख से ₹18.25 लाख (एक्स-शोरूम) तक में उपलब्ध है.
दोनों मिड-साइज सेडान कम्फर्ट, परफॉर्मेंस और वैल्यू फॉर मनी का अच्छा बैलेंस ऑफर करती हैं. City ज्यादा रिफाइंड और माइलेज-फोकस्ड है, वहीं Verna डायनामिक ड्राइविंग और मॉडर्न टेक्नोलॉजी में आगे है. बजट, प्राथमिकताएं (माइलेज vs पावर) और फीचर्स के आधार पर दोनों में कौन बेहतर है? आइए जानने की कोशिश करते हैं.
डिजाइन डिटेल
2026 Honda City Facelift में नया कनेक्टेड LED DRLs वाला फ्रंट, रिवाइज्ड ग्रिल, स्पोर्टियर बंपर और नए अलॉय व्हील्स मिलते हैं, जो इसे प्रीमियम और बोल्ड लुक देते हैं. इसकी लंबाई करीब 4594 mm है. Hyundai Verna का डिजाइन ज्यादा स्लीक और यूथ-ओरिएंटेड है. शार्प लाइन्स, स्टाइलिश LED लाइट्स और स्पोर्टी प्रोफाइल के साथ इसे खरीदा जा सकता है. Verna थोड़ी चौड़ी (1765 mm) है, जो रोड प्रेजेंस बढ़ाती है. City ज्यादा परिपक्व लुक देती है और Verna एग्रेसिव है.
इंटीरियर
City का केबिन रिफाइंड और कम्फर्टेबल है. नया 10.1-इंच टचस्क्रीन, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, एम्बियंट लाइटिंग और अपडेटेड आइवरी व्हाइट थीम मिलता है. स्पेस अच्छा है, लेकिन हाइब्रिड में बूट स्पेस थोड़ा कम (306 L) है. Verna का इंटीरियर ज्यादा टेक्नोलॉजी-फॉरवर्ड है. इसे डुअल 10.25-इंच स्क्रीन्स, बेहतर मैटेरियल और स्पोर्टियर फील के साथ पेश किया गया है. बूट स्पेस 528 L का बड़ा है. Verna यहां थोड़ी मॉडर्न लगती है.
फीचर्स और सेफ्टी
Honda City में 360° कैमरा, वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो/एपल कारप्ले, सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स, इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक और कनेक्टेड कार टेक नया जुड़ा है. Verna में डुअल लार्ज स्क्रीन्स, Bose ऑडियो (टॉप वेरिएंट्स), पावर्ड सीट्स, डैशकैम और ज्यादा गैजेट्स मिलते हैं. Verna फीचर्स में हल्की सी आगे है.
दोनों में 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड हैं. City में होंडा सेंसिग Level-2 ADAS (Adaptive Cruise, Lane Keep, Collision Mitigation), 360° कैमरा और ESC मिलता है. Verna में भी अच्छा ADAS, 7 एयरबैग्स (टॉप) और 5-स्टार GNCAP रेटिंग का मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड है. दोनों काफी सुरक्षित हैं.
इंजन और माइलेज
Honda City को 1.5 लीटर NA पेट्रोल (121 PS, 145 Nm) इंजन और e:HEV हाइब्रिड (126 PS सिस्टम, 253 Nm) ऑप्शन में खरीदा जा सकता है. इसका अधिकतम क्लेम्ड माइलेज 27.26 kmpl है. वहीं, Hyundai Verna को 1.5 लीटर NA (115 PS) या 1.5 लीटर टर्बो (160 PS, 253 Nm) इंजन के साथ खरीदा जा सकता है. इसका अधिकतम क्लेम्ड माइलेज 20.6 kmpl है.