देश में एक बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला है. राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद केंद्र सरकार ने 7 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में नए राज्यपाल और उपराज्यपाल की नियुक्ति की है. इस फैसले के बाद कई राज्यों में नए चेहरे सामने आए हैं. दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश जैसे अहम राज्यों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. वहीं लद्दाख जैसे केंद्र शासित प्रदेश में भी नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है. क्या आपको पता है इन राज्यपालों और उपराज्यपालों की पढ़ाई-लिखाई क्या है और इनमें सबसे ज्यादा पढ़ा-लिखा कौन है?
दिल्ली के उपराज्यपाल बने तरनजीत सिंह संधू
दिल्ली के नए उपराज्यपाल के रूप में तरनजीत सिंह संधू को जिम्मेदारी दी गई है. वे भारतीय विदेश सेवा के वरिष्ठ अधिकारी रह चुके हैं और लंबे समय तक कूटनीतिक सेवा में काम कर चुके हैं. तरनजीत सिंह संधू ने अपनी स्कूली पढ़ाई हिमाचल प्रदेश के लॉरेंस स्कूल सनावर से की. इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज से इतिहास में बीए की पढ़ाई पूरी की. आगे उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से अंतरराष्ट्रीय संबंधों में एमए की डिग्री हासिल की. कूटनीतिक सेवा में रहते हुए वे अमेरिका और श्रीलंका में भारत के राजदूत रह चुके हैं. अब उन्हें देश की राजधानी दिल्ली की प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपी गई है.
बिहार के राज्यपाल बने सैयद अता हसनैन
बिहार के नए राज्यपाल के रूप में रिटायर लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन को नियुक्त किया गया है. वे भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी रहे हैं और अपने नेतृत्व के लिए जाने जाते हैं.उन्होंने शेरवुड कॉलेज से पढ़ाई की और उसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से इतिहास में बीए ऑनर्स किया. इसके अलावा उन्होंने विदेशों के कई रक्षा और सुरक्षा संस्थानों में भी प्रशिक्षण लिया है. अपने सैन्य करियर में उन्हें परम विशिष्ट सेवा पदक, उत्तम युद्ध सेवा पदक और अति विशिष्ट सेवा पदक जैसे बड़े सम्मान मिले हैं.
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल बने आर. एन. रवि
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के रूप में आर. एन. रवि को नई जिम्मेदारी दी गई है. वे पहले नागालैंड, मेघालय और तमिलनाडु के राज्यपाल भी रह चुके हैं. आर. एन. रवि ने 1974 में भौतिकी विषय में मास्टर डिग्री हासिल की थी. इसके बाद वे भारतीय पुलिस सेवा में शामिल हुए और केरल कैडर में लंबे समय तक काम किया. उन्होंने खुफिया विभाग और केंद्रीय जांच एजेंसी में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं. सरकारी सेवा से रिटायर होने के बाद उन्होंने कई अखबारों में लेख भी लिखे.
महाराष्ट्र के राज्यपाल बने जिष्णु देव वर्मा
त्रिपुरा के प्रमुख नेता जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का नया राज्यपाल बनाया गया है. वे पहले तेलंगाना के राज्यपाल भी रह चुके हैं और त्रिपुरा के उपमुख्यमंत्री के रूप में भी काम कर चुके हैं.जिष्णु देव वर्मा ने कोलकाता विश्वविद्यालय से बीए ऑनर्स की पढ़ाई की है. वे त्रिपुरा के शाही परिवार से भी जुड़े हुए हैं और लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहे हैं.
तेलंगाना के राज्यपाल बने शिव प्रताप शुक्ला
तेलंगाना के नए राज्यपाल के रूप में शिव प्रताप शुक्ला को जिम्मेदारी मिली है. वे पहले हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल थे और केंद्र सरकार में वित्त राज्य मंत्री भी रह चुके हैं. उन्होंने गोरखपुर के दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय से अपनी पढ़ाई पूरी की है. लंबे समय तक संसद और सरकार में काम करने का अनुभव उनके पास है.
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बने कविंदर गुप्ता
कविंदर गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल बनाया गया है. वे पहले लद्दाख के उपराज्यपाल भी रह चुके हैं और जम्मू कश्मीर में उपमुख्यमंत्री तथा विधानसभा अध्यक्ष भी रहे हैं. उन्होंने गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर से बीए की डिग्री हासिल की है. राजनीति के साथ-साथ वे व्यवसाय से भी जुड़े रहे हैं.
नागालैंड के राज्यपाल बने नंद किशोर यादव
बिहार की राजनीति के वरिष्ठ नेता नंद किशोर यादव को नागालैंड का नया राज्यपाल बनाया गया है. वे लंबे समय तक बिहार विधानसभा में विधायक और मंत्री रहे हैं. तीन दशक से ज्यादा समय से राजनीति में सक्रिय रहने वाले नंद किशोर यादव को अब पूर्वोत्तर राज्य की संवैधानिक जिम्मेदारी दी गई है.
लद्दाख के उपराज्यपाल बने विनय कुमार सक्सेना
लद्दाख के नए उपराज्यपाल के रूप में विनय कुमार सक्सेना को नियुक्त किया गया है. वे पहले दिल्ली के उपराज्यपाल भी रह चुके हैं. उन्होंने कानपुर विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की है. इसके अलावा वे खादी और ग्रामोद्योग आयोग के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहे हैं.
तमिलनाडु का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे राजेंद्र अर्लेकर
राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को तमिलनाडु के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. वे फिलहाल केरल के राज्यपाल हैं. उन्होंने गोवा के एमईएस कॉलेज से कॉमर्स में डिग्री हासिल की है और लंबे समय से राजनीति में सक्रिय हैं.
यह भी पढ़ें – युद्ध के माहौल में शारजाह का बड़ा फैसला, भारतीय और पाकिस्तानी स्कूलों का नया सेशन टला
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI
