UP Day Celebration: 20 राज्यों और विदेशों तक मनाया जाएगा यूपी दिवस

Aman Shanti In
2 Min Read

UP Day Celebration : यूपी दिवस पर प्रदेश सरकार सभी 75 जिलों में 24 जनवरी को भव्य आयोजन कर माहौल बनाएगी। इसके लिए जिलावार मंत्रियों को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं यूपी के बाहर 20 राज्यों में भी यूपी दिवस का आयोजन होगा। इसमें यूपी के रहने वाले स्थानीय लोगों को शामिल व सम्मानित भी किया जाएगा। जबकि राजधानी लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर मुख्य आयोजन होगा।

पर्यटन व संस्कृति विभाग की ओर से यूपी दिवस पर ब्लॉक से लेकर दूसरे राज्यों व विदेशों तक आयोजन की पूरी तैयारी की है। विदेशों में जहां भारतीय दूतावास के जरिए आयोजन किया जा रहा है। इसमें फिजि, त्रिनिदाद, टोबैगो, सूरीनाम आदि शामिल हैं। वहीं 20 राज्यों में भी वहां के लोगों व विभिन्न क्षेत्र में अच्छा काम करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।

इसी तरह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी आयोजन किया जाएगा। जबकि राष्ट्र प्रेरणा स्थल लखनऊ में मुख्य आयोजन होगा। इसमें गृह मंत्री अमित शाह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह आदि शामिल होंगे। आयोजन में सरदार पटेल औद्योगिक क्षेत्र योजना का शुभारंभ किया जाएगा। सीएम युवा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों को सम्मानित किया जाएगा। एक जिला एक व्यंजन योजना का शुभारंभ किया जाएगा।

पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्र में अच्छा काम करने वाले पांच लोगों को यूपी गौरव सम्मान दिया जाएगा। जबकि शिल्प मेला, ओडीओसी व्यंजन मेला, कला व संस्कृति से जुड़ी प्रदर्शनी लगेगी व बृज, बुंदेली, अवधी, भोजपुरी आदि बोलियों व संस्कृतियों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment