हाल ही में पहाडों पर हुई बर्फबारी के कारण गाड़ियां फिसलने की कई वीडियो सामने आ रही हैं. हिमाचल प्रदेश के मनाली में ताजा बर्फबारी के बाद सड़कें बेहद फिसलनभरी हो गईं. एक वायरल वीडियो में दिखा कि बर्फ की परत पर कार का बैलेंस बिगड़ गया और वह धीरे-धीरे खाई की ओर सरकने लगी. एक व्यक्ति ने कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन फिसलन इतनी ज्यादा थी कि वह भी नहीं रोक पाया.
इसी तरह, एक अन्य वीडियो में कार बर्फ पर फिसलकर दूसरी गाड़ी से टकरा गई, जबकि ड्राइवर भागने में कामयाब रहा. मनाली और शिमला जैसे इलाकों में ऐसी घटनाएं आम हो रही हैं, जहां पर्यटक बिना तैयारी के बर्फ देखने निकलते हैं और सड़कें बर्फ से ढक जाती हैं. कुछ मामलों में कार खाई में गिर गईं, ड्राइवर घायल हुए और पर्यटक घंटों जाम में फंसे रहे.
उत्तराखंड और हिमाचल में भी इसी तरह की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जहां भारी बर्फबारी से रास्ते बंद हो गए और गाड़ियां फंस गईं. ये वीडियो चेतावनी दे रहे हैं कि बिना सही टायर और सावधानी के पहाड़ों में ड्राइविंग जानलेवा साबित हो सकती है. अगर आप भी आने वाले दिनों में बर्फ का लुत्फ उठाने पहाड़ो पर जाना चाहते हैं, तो ये जरूर जान लें कि Snow Driving के दौरान कैसे टायर बेहतर होने चाहिए.
Snow Driving के लिए ये टायर बेस्ट
बर्फ में ड्राइविंग के समय सबसे बेहतर टायर विकल्प Winter Tires या Snow Tires होते हैं. ये टायर विशेष रूप से ठंडे तापमान (7°C से नीचे) और फर्फीली सड़कों के लिए डिजाइन किए जाते हैं. इनकी रबर कंपाउंड नरम रहती है, जो ठंड में सख्त नहीं होती और ट्रेड पैटर्न गहरे होने के साथ सिप्स (छोटे-छोटे कट) से भरे होते हैं, जो बर्फ पर बेहतर ग्रिप देते हैं.
सामान्य ऑल-सीजन टायर (All-Season Tires) या ऑल-वेदर टायर बर्फ में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं, क्योंकि इनकी रबर ठंड में कठोर हो जाती है और ट्रैक्शन कम हो जाता है. अच्छे विंटर टायर -30°C तक भी प्रभावी रहते हैं, जबकि ऑल-सीजन टायर +4°C से नीचे अपनी ग्रिप खोने लगते हैं.
स्नो चैन भी आती है काम
अगर भारी बर्फबारी वाले इलाकों में जाना हो, तो स्नो चेन (Snow Chains) का इस्तेमाल भी जरूरी हो सकता है. खासकर जब सड़क पर बर्फ की मोटी परत हो या ब्लैक आइस (पतली, पारदर्शी बर्फ जो दिखती नहीं लेकिन बहुत फिसलन वाली होती है) हो. हालांकि, रोजमर्रा की ड्राइविंग के लिए विंटर टायर चेन से बेहतर माने जाते हैं, क्योंकि ये ज्यादा सुविधाजनक, सुरक्षित और लगातार ट्रैक्शन देते हैं. चेन टायर को नुकसान पहुंचा सकते हैं और स्पीड सीमित रखनी पड़ती है.
बर्फ में सेफ ड्राइविंग के टिप्स
- टायर चेक करें: विंटर टायर लगवाएं या कम से कम M+S (Mud and Snow) रेटेड टायर इस्तेमाल करें. टायर का ट्रेड डेप्थ कम से कम 4-5 mm होना चाहिए.
- स्पीड कम रखें: सामान्य से 50% कम स्पीड ड्राइव करें. अचानक ब्रेक या एक्सीलरेटर न दबाएं.
- ब्रेकिंग तकनीक: ABS वाले वाहन में ब्रेक को धीरे-धीरे दबाएं. बिना ABS वाली गाड़ी में पंप ब्रेकिंग (बार-बार दबाएं-छोड़ें) करते रहें.
- स्टीयरिंग स्मूद: स्लिप होने पर स्टीयरिंग को स्लिप के डायरेक्शन में घुमाएं, फिर धीरे से कंट्रोल करें.
- डिस्टेंस बनाए रखें: आगे वाली गाड़ी से दोगुना-तिगुना फासला रखें, क्योंकि स्टॉपिंग डिस्टेंस बर्फ में 3-10 गुना बढ़ जाता है.