अमेठी में लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

Jrs Computer
2 Min Read


अमेठी में लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं ने गौरीगंज ब्लॉक परिसर संग सड़कों पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन गौरीगंज तहसील परिसर पहुंचकर उपजिलाधिकारी को सौंपा। मांग पूरी नहीं होने पर आठ मार्च से प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।

आंगनबाड़ी कर्मचारी व सहायिका एसोसिएशन जिलाध्यक्ष मानुमती सरोज ने पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी का दर्जा, वैधानिक सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक सुविधाएं न मिलने पर नाराजगी जताई है। कहा कि संगठन ने पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी का दर्जा, वेतनमान, भविष्य निधि, पेंशन, ग्रेच्युटी, महंगाई भत्ता और सवेतन मेडिकल अवकाश सहित सभी वैधानिक लाभ देने की मांग की है।

सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष करने और कोरोना काल से सेवानिवृत्त कर्मियों को पेंशन व ग्रेच्युटी देने की भी बात कही। साथ ही, योग्यता व वरिष्ठता के आधार पर मुख्य सेविका व कार्यकर्ता के पदों पर नियमित पदोन्नति, ऑनलाइन कार्य के लिए उच्च गुणवत्ता वाले मोबाइल फोन, रिचार्ज, डाटा और 20,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय की मांग पूरी न होने पर अप्रैल से पोषण ट्रैकर व समस्त ऑनलाइन कार्य बंद करने की चेतावनी दी।

जिला उपाध्यक्ष बिंदू गुप्ता ने 2,500 रुपये तत्काल देने, 1,500 रुपये की प्रोत्साहन राशि को नियमित मानदेय में शामिल करने, किराए के भवनों का किराया बाजार दर पर भुगतान, मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और निजीकरण व आउटसोर्सिंग बंद करने की बात कही। उन्होंने लाभार्थियों को 365 दिन गुणवत्तापूर्ण पोषाहार, बीएलओ सहित अन्य विभागों के कार्य न थोपने, विभागीय निरीक्षण-सुपरविजन पारदर्शी बनाने, मनमानी मानदेय कटौती, सेवा समाप्ति व उत्पीड़न पर रोक लगाने की भी मांग उठाई। इसके साथ ही पोषाहार में फेस ट्रैकर व्यवस्था बंद करने की बात कही। इस दौरान सुदामा मौर्य, सरोज शुक्ल, गीता मिश्र, अमिता त्रिपाठी, ममता, रेनू, कृष्णलली, सुशीला, मधुबाला आदि मौजूद रहीं।



Source link

Share This Article
Jrs Computer सेंटर है। वर्तमान में AmanShantiNews.com में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं, और Sports की खबरें कवर करते हैं। कानपुर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत 2020 में अमन शांति न्यूज से हुई थी। Sports,Business,Technology आदि संबंधी खबरों में दिलचस्पी है।
Leave a Comment