रायबरेली। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का फाइनल ड्राफ्ट जारी होने के बाद शनिवार को 1510 बूथों पर सूची को पढ़कर सुनाया गया। सूची में नाम न मिलने पर लोग मायूस हुए।
हालांकि बीएलओ ने समझाकर नया फार्म भरवाया। युवाओं ने भी बूथों पर पहुंचकर मतदाता बनने के लिए फार्म भरा। इस दौरान बूथों पर गहमागहमी का माहौल रहा। छह फरवरी तक दावे व आपत्तियां लेने के बाद उनके निस्तारण का काम होगा। ब्लॉकों व तहसीलों में नोटिस का निस्तारण कराने के लिए लोगों की भीड़ रही।
जेल रोड स्थित मोदी स्कूल मतदान केंद्र पर बीएलओ संजय मौर्या, धर्मेश कुमार, राकेश कुमार, अरविंद सोनी सुबह ही पहुंच गए। वोटरलिस्ट में नाम देखने के लिए लोग पहुंचे। तमाम लोगों के नाम सूची में नहीं मिले। इससे वे मायूस हुए। हालांकि बीएलओ ने मतदाता बनाने के लिए फार्म भरवाया। एडीएम (प्रशासन) सिद्धार्थ ने विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सतांव प्रतिनिधि के अनुसार, नोटिस मिलने के बाद बूथ संख्या 182 के मतदाता अजीत कुमार शनिवार को ब्लाॅक पहुंचे।
अजीत ने बताया कि मतदाता सूची में उनका नाम नहीं आया है, जिसके बाद उन्हें नोटिस मिला है। नोटिस मिलने के बाद वह अपने साक्ष्य लेकर जन सुनवाई में पहुंचे थे। एईआरओ अशोक कुमार यादव ने बताया कि मतदाताओं को दी गई नोटिस की जन सुनवाई पांच फरवरी तक चलेगी। नो मैप वाले मतदाताओं को 13 वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज को जमा करना होगा। ब्लॉक के बूथों पर लोगों की भीड़ रही।
खीरों प्रतिनिधि के अनुसार, बूथों पर बैठकर बीएलओ ने नए मतदाता के नाम बढ़ाने के साथ ही पुराने चिन्हित मतदाताओं के घरों में जाकर उन्हें नोटिस दिया। इस दौरान नोटिस का निस्तारण कराने के लिए लोग ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे। हरचंदपुर विधानसभा के बूथ संख्या 118 के क्रमांक 69 में दर्ज रूपरानी की 10 वर्ष पूर्व खीरों में शादी हुई थी।
क्रमांक 70 व 79 में दर्ज सगी बहनों सावित्री व गायत्री की शादी हो जाने के बाद भी सूची में नाम शामिल होने पर नाम काटे जाने के कारण छह फरवरी को ब्लाॅक बुलाया गया। एसडीएम लालगंज मिथलेश त्रिपाठी ने कई बूथों व खीरों ब्लाक में चल रहे कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी मतदाताओं से अपना नाम सूची में शामिल कराने की अपील की।
महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार, एसडीएम गौतम सिंह ने कोटवा मदनिया गांव के बूथ संख्या 276 पर जाकर मतदाताओं के दावे व आपत्तियों की सुनवाई की। 139 मतदाताओं के दावे व आपत्तियां सुनी गई। एसडीएम ने कहा कि जो युवा एक जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं या कर चुके हैं वे प्रारूप-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा लें। इस मौके पर ग्राम प्रधान आरती वर्मा, शत्रोहन वर्मा, कोटेदार हामिद खान, शिक्षक वारिस अली, बीएलओ संतोष कुमारी व सुषमा देवी समेत सैकड़ों मतदाता मौजूद रहे।

