Gorakhpur News : प्रदेश सरकार की कैबिनेट ने सीवरेज योजना जोन-ए-3 से संबंधित 721.40 करोड़ रुपये की जिस परियोजना को मंजूरी दी है। इससे 43,604 घरों को सीवरेज कनेक्शन मिलेगा। इस परियोजना के तहत 17 वार्डों में 342.19 किमी सीवर लाइन बिछाई जाएगी।
गोरखपुर को क्लीन सिटी बनाने के अभियान के तहत सीवरेज प्रबंधन के लिए नगर निगम ने क्षेत्र को कुल आठ जोन में बांटकर कर कार्ययोजना बनाई गई। इन आठ जोन में कुल 2318 किमी सीवर लाइन बिछाई जानी है जिससे करीब ढाई लाख घरों को सीवर कनेक्शन से जोड़ दिया जाएगा।
इस व्यवस्था से शहरी क्षेत्र की करीब तेरह लाख आबादी को फायदा होगा। जोन ए पार्ट 1 (उत्तरी भाग) में 136.28 करोड़ रुपये की लागत से 64.20 किमी सीवर लाइन बिछाकर 6745 घरों को सीवर कनेक्शन दिया जा चुका है। इसी प्रकार गोरखपुर सीवरेज योजना जोन सी-2 पार्ट 2 में अमृत कार्यक्रम के अंतर्गत वर्तमान में 561.34 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण परियोजना पर काम जारी है।
इसके जरिये 188.47 किमी सीवर लाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर है। 30 एमएलडी की एसटीपी की स्थापना भी परियोजना में शामिल है। इस परियोजना के पूर्ण होने पर 43963 घरों को सीवरेज कनेक्शन मिल जाएगा।
जल निगम शहरी के अधिशासी अभियंता पंकज कुमार के मुताबिक गोरखपुर सीवरेज योजना जोन सी-2 पार्ट 2 में करीब 165 किमी सीवर लाइन बिछाई जा चुकी है। इसी साल मार्च 2026 तक इस परियोजना को पूरा कर लिया जाएगा।