आजकल देश में ऑनलाइन ऐप्स का यूज बहुत तेजी से बढ़ गया है. खाना मंगवाना हो, टैक्सी बुलानी हो या फिर सामान एक जगह से दूसरी जगह भेजना हो, हर काम मोबाइल से हो जाता है. इसी सुविधा का फायदा उठाकर लोग समय और मेहनत दोनों बचा रहे हैं, लेकिन कभी-कभी यही सुविधा कुछ लोगों की अजीब सोच और लापरवाही को भी उजागर कर देती है.
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग सिर पकड़कर बैठ गए हैं. वीडियो देखने के बाद हर कोई यही कह रहा है कि भाई, ऐसा भी कोई करता है क्या, मामला इतना अजीब है कि लोग हंस भी रहे हैं और गुस्सा भी कर रहे हैं.
क्या है पूरा मामला?
यह घटना एक महिला से जुड़ी है, जिसने पोर्टर ऐप के जरिए पार्सल बुक किया. जैसे आमतौर पर होता है, वैसे ही पोर्टर का राइडर तय समय पर महिला के घर पहुंचा. महिला ने राइडर को बताया कि पेमेंट ऑनलाइन हो चुका है और उसे एक पैकेट पकड़ा कर रवाना कर दिया. शुरुआत में सब कुछ बिल्कुल सामान्य लग रहा था. राइडर को भी यही लगा कि वह किसी सामान को डिलीवरी के लिए ले जा रहा है. लेकिन असली कहानी तब सामने आई, जब वह लगभग 700 मीटर दूर एक सुनसान जगह पर पहुंचा.
विकसित भारत के विकसित लोगो को देखिए। हँसी ना आए तो लाइक मत करना और हँसी आ जाए तो कमेंट करना। 😂😂😂 pic.twitter.com/fdJHQ0zZcn
— Cyber Huntss (@Cyber_Huntss) February 4, 2026
कॉल पर जो जवाब मिला, वह चौंकाने वाला था
जब राइडर उस लोकेशन पर पहुंचा, तो उसने महिला को कॉल कर पूछा कि पार्सल किसे देना है. इस सवाल पर महिला ने जो जवाब दिया, उसने राइडर को भी हैरान कर दिया. महिला ने बड़े आराम से कहा, भैया किसी को देना नहीं है, बस उसे फेंक दीजिए, यानि जिस पार्सल के लिए ऑनलाइन सर्विस बुक की गई थी, वह कोई जरूरी सामान नहीं, बल्कि कूड़ा था. महिला ने सिर्फ कूड़ा फेंकने के लिए पोर्टर जैसी सर्विस का यूज किया.
राइडर ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
इस पूरी घटना को पोर्टर राइडर ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और बाद में सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. वीडियो में वह कस्टमर से सवाल करते हुए कहते हैं ये क्या बात हुई. इसके बाद वह कूड़ा फेंकते हुए तंज कसते हैं और कहते हैं, पोर्टर इसलिए चला रहा हूं, ताकि दूसरों का कूड़ा फेंक सकूं. यही है हमारा विकसित भारत.
लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया
जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, सोशल मीडिया पर लोगों के कमेंट्स की लाइन लग गई. कुछ लोगों ने महिला की सोच पर सवाल उठाए और कहा कि इतनी सी दूरी के लिए इस तरह की सर्विस का गलत यूज करना शर्मनाक है. वहीं, कई लोगों ने राइडर पर भी नाराजगी जताई और कहा कि सड़क किनारे कूड़ा फेंकना भी गलत है, चाहे वजह कुछ भी हो. लोगों का कहना है कि यह मामला सिर्फ सुविधा का नहीं, बल्कि जिम्मेदारी की कमी का है.

