देश की राजधानी दिल्ली से सामने आए आंकड़े हर किसी को चौंका रहे हैं. 2026 की शुरुआत में सिर्फ 15 दिनों के अंदर दिल्ली से 800 से ज्यादा लोग लापता हो गए. यह सिर्फ एक संख्या नहीं बल्कि राजधानी की कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल है. खुद दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के अनुसार 1 से 15 जनवरी 2026 के बीच कुल 807 लोग गायब हुए, जिनमें महिलाओं और लड़कियों की संख्या सबसे ज्यादा है. यही वजह है कि यह मामला अब सोशल मीडिया पर तूल पकड़ता जा रहा है और सोशल मीडिया पर यूजर्स सरकार और पुलिस पर भड़क रहे हैं.
हर घंटे दो लोग गायब, महिलाओं की संख्या सबसे ज्यादा
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इन 807 लापता लोगों में 509 महिलाएं और लड़कियां शामिल हैं, यानी करीब दो तिहाई मामले महिलाओं से जुड़े हैं. हालात इतने गंभीर है कि औसतन हर दिन 54 लोग और लगभग हर घंटे दो लोग राजधानी से गायब हो रहे हैं. वहीं अब तक सिर्फ 235 लोगों का ही पता चल पाया है, जबकि 572 लोग ऐसे हैं जिनका कोई सुराग नहीं मिला है. इसके अलावा इन आंकड़ों में नाबालिगों की संख्या भी डराने वाली है. दिल्ली पुलिस के अनुसार 807 लापता लोगों में 191 नाबालिक शामिल है. इनमें 146 लड़कियां और 45 लड़के है. हैरानी की बात यह है कि करीब 71 फीसदी मामलों में अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है. वहीं 8 से 12 साल के 13 बच्चे और 8 साल से कम उम्र के 9 बच्चे भी इन 15 दिनों में लापता हुए हैं.
राजधानी दिल्ली से क्यों गायब हो रहे हैं लोग?
पुलिस और सामाजिक कार्यकर्ताओं के अनुसार, दिल्ली से गायब हो रहे लोगों के पीछे कई वजह है. आर्थिक दबाव, बेरोजगारी, पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा, मानसिक तनाव और मानव तस्करी इसके पीछे बड़ी वजह बताई जा रही है. वहीं एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार, लापता महिलाओं में 20 से 25 प्रतिशत मानव तस्करी का शिकार होती है. इसके अलावा प्रवासी आबादी और अंतरराष्ट्रीय ट्रैफिकिंग नेटवर्क भी दिल्ली को इस समस्या का बड़ा केंद्र बना रहे हैं.
दिल्ली , जो दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की राजधानी है
वहां से 15 दिनों में 800 से ज्यादा लोग गायब हो रहे हैं , जरूर कोई ह्यूमन ट्रैफिकिंग गैंग है जो नेताओं के संरक्षण में कार्य कर रहा है
>गायब कौन कर रहा है?
>ये लोग चुप क्यों हैं?
>रेखा गुप्ता कुंभकरण की नीद क्यों सो रही है? pic.twitter.com/390T9eh4vp— Anvi Yadav (@Anviyadavsocial) February 5, 2026
लापता लोगों की खबरें सुन सरकार और पुलिस पर भड़के यूजर्स
दिल्ली में लापता हो रहे लोगों की खबरों के सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स का गुस्सा दिल्ली सरकार और पुलिस पर फूट पड़ा है. इस खबर को लेकर एक यूजर ने कमेंट किया कि यह बहुत गंभीर मामला है और इस पर तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए. वहीं दूसरे यूजर ने सवाल किया राजधानी की सरकार और पुलिस क्या कर रही है. इसके अलावा एक यूजर ने तंज कसते हुए कमेंट किया अरे देश की राजधानी में यह सब हर महीने हो रहा है और सरकार इसे लेकर कोई कदम नहीं उठा रही है. वहीं एक यूजर ने कहा एक महिला सीएम होते हुए यह सब हो रहा है, कब खून खोलेगा मैडम जी का. इसके अलावा कई यूजर्स ने दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए. एक यूजर ने कमेंट में लिखा दिल्ली पुलिस पूरी दुनिया में सबसे भ्रष्ट और अक्षम किस्म की पुलिस है. वहीं किसी ने कमेंट में लिखा दिल्ली पुलिस अभी बिजी है, हफ्ता जाता है भाई. इसके अलावा कुछ लोगों ने इसे पुराने आंकड़े बताते हुए कहा कि यह समस्या सालों से हैं, लेकिन अब सामने आ रही है तो इस पर कार्रवाई होनी चाहिए.

