प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर छात्रों से सीधे संवाद करने जा रहे हैं. बोर्ड परीक्षाओं से पहले होने वाला चर्चित कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ इस साल अपने 9वें संस्करण के साथ लौट रहा है. प्रधानमंत्री ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी और बताया कि यह कार्यक्रम 6 फरवरी 2026 को आयोजित किया जाएगा. इस खास मौके पर देश भर के छात्र, अभिभावक और शिक्षक प्रधानमंत्री से सीधे जुड़ेंगे और परीक्षा से जुड़े सवालों पर खुलकर बातचीत होगी.
सुबह 10 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
शिक्षा मंत्रालय की इस पहल का 9वां संस्करण 6 फरवरी 2026 को सुबह 10 बजे शुरू होगा. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के अलग-अलग हिस्सों से जुड़े छात्रों, माता-पिता और शिक्षकों से सीधे बातचीत करेंगे. इस दौरान परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन, डर और तनाव जैसे मुद्दों पर खुलकर चर्चा होगी.
आयोजन के तरीके में हुआ बदलाव
अब तक ‘परीक्षा पे चर्चा’ का आयोजन ज्यादातर दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में होता रहा है, लेकिन पिछले कुछ सालों से इसके स्वरूप में बदलाव किया गया है. पिछले साल यह कार्यक्रम दिल्ली की सुंदर नर्सरी में आयोजित हुआ था. इस बार भी इसे नए अंदाज में पेश किया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा छात्र इससे जुड़ सकें.
‘एग्जाम वॉरियर्स’ के जरिए मिलती है दिशा
‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम ‘एग्जाम वॉरियर्स’ पहल का हिस्सा है. इसके तहत प्रधानमंत्री छात्रों को परीक्षा को बोझ नहीं, बल्कि एक अवसर की तरह देखने की सलाह देते हैं. वे बच्चों को बताते हैं कि सही समय प्रबंधन, नियमित पढ़ाई और आत्मविश्वास से किसी भी परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन किया जा सकता है. साथ ही वे यह भी कहते हैं कि नंबर ही सब कुछ नहीं होते.
शिक्षा मंत्री ने दी कार्यक्रम की जानकारी
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर बताया कि ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ को इस बार बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इस साल प्रधानमंत्री मोदी देश के अलग-अलग हिस्सों के छात्रों से सीधे जुड़े हैं. हाल के दिनों में प्रधानमंत्री ने देवमोगरा, कोयंबटूर, रायपुर और गुवाहाटी जैसे शहरों के छात्रों से मुलाकात की है.
कुछ छात्रों को मिला पीएम आवास आने का मौका
इस बार कुछ छात्रों को दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर भी प्रधानमंत्री से मिलने का मौका मिला. यहां छात्रों ने अपने मन की बातें साझा कीं और परीक्षा से जुड़े सवाल पूछे. शिक्षा मंत्री ने छात्रों, माता-पिता और शिक्षकों से इस कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की और कहा कि सकारात्मक सोच से परीक्षा का डर आसानी से दूर किया जा सकता है.
कहां-कहां देख सकते हैं लाइव कार्यक्रम
दूरदर्शन के चैनल जैसे DD नेशनल, DD न्यूज और DD इंडिया
ऑल इंडिया रेडियो के MW और FM चैनल
प्रधानमंत्री कार्यालय और शिक्षा मंत्रालय के यूट्यूब चैनल
MyGov.in पोर्टल पर ऑनलाइन
इससे देश के हर कोने में बैठे छात्र आसानी से इस कार्यक्रम से जुड़ सकेंगे.
इस बार हुआ रिकॉर्ड रजिस्ट्रेशन
‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ में इस बार रिकॉर्ड भागीदारी देखने को मिली है. इस कार्यक्रम के लिए 4 करोड़ से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हुए हैं. रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2025 से 11 जनवरी 2026 तक चली. इतनी बड़ी संख्या में भागीदारी यह दिखाती है कि छात्रों और अभिभावकों के बीच इस कार्यक्रम को लेकर कितना उत्साह है.

