आजकल लगभग हर घर में इलेक्ट्रिक केतली (Electric Kettle) का यूज होता है. कभी सुबह की चाय हो, ऑफिस से लौटकर कॉफी बनानी हो या फिर झटपट गर्म पानी चाहिए हो, इलेक्ट्रिक केतली हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुकी है. यह न सिर्फ समय बचाती है, बल्कि गैस और मेहनत दोनों की झंझट से भी राहत देती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर इलेक्ट्रिक केतली को समय-समय पर साफ न किया जाए, तो यह आपकी सेहत और केतली दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकती है. दरअसल, रोजाना पानी उबालने की वजह से केतली के अंदर लाइमस्केल (Limescale) जमने लगता है.
क्या होता है लाइमस्केल?
लाइमस्केल एक तरह की सफेद या हल्की पीली परत होती है, जो पानी में मौजूद खनिजों के कारण बनती है. कुछ लोगों को यह चॉक जैसी लगती है, तो कुछ को अंडे के छिलके जैसी परत महसूस होती है. शुरुआत में यह हल्की होती है, लेकिन समय के साथ-साथ यह मोटी और सख्त हो जाती है. अगर इसे साफ न किया जाए, तो केतली सही से गर्म नहीं होती, ज्यादा बिजली खर्च होती है, चाय-कॉफी का स्वाद भी खराब हो सकता है. इसलिए जरूरी है कि समय-समय पर केतली के अंदर की सफाई की जाए.
बिना सिरका और साबुन के ऐसे साफ करें इलेक्ट्रिक केतली
अक्सर लोग लाइमस्केल हटाने के लिए सिरका या साबुन का यूज करते हैं, लेकिन इससे बदबू आने लगती है और कई बार केतली के अंदर अजीब स्वाद भी रह जाता है. अगर आप बिना सिरका और साबुन के आसान और असरदार तरीका चाहते हैं, तो साइट्रिक एसिड सबसे बेहतरीन उपाय है. साइट्रिक एसिड नींबू में पाया जाने वाला खट्टा तत्व होता है. यह आपको बाजार में पाउडर के रूप में आसानी से मिल जाएगा और ऑनलाइन भी मंगाया जा सकता है. इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि यह तेजी से लाइमस्केल हटाता है, इसमें कोई तेज बदबू नहीं आती, केतली के अंदर कोई परत या स्वाद नहीं छोड़ता है.
साइट्रिक एसिड से इलेक्ट्रिक केतली कैसे साफ करें?
1. साइट्रिक एसिड से इलेक्ट्रिक केतली साफ करने के लिए सबसे पहले केतली में इतना पानी भरें कि अंदर जमी लाइमस्केल पूरी तरह ढक जाए.
2. अब इस पानी को उबाल लें और केतली को बंद कर दें. उबलते पानी में 1 से 2 बड़े चम्मच साइट्रिक एसिड पाउडर डालें.
3. केतली को हल्के हाथ से घुमाएं ताकि पाउडर अच्छे से घुल जाए. कुछ ही सेकंड में आपको छोटे-छोटे बुलबुले बनते दिखेंगे, इसका मतलब है कि लाइमस्केल हटने की प्रक्रिया शुरू हो गई है.
4. अब इसे 15–20 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें. इस दौरान केतली के अंदर किसी चीज से रगड़ने की कोशिश न करें. समय पूरा होने के बाद पानी को बाहर फेंक दें.
5. आप देखेंगे कि केतली के अंदर जमी सफेद परत पूरी तरह साफ हो चुकी है. अब केतली को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें.
6. इसके बाद 1–2 बार पूरी केतली भरकर पानी उबालें और उसे फेंक दें, ताकि किसी भी तरह की गंध खत्म हो जाए. केतली ठंडी होने के बाद नीचे उंगलियां फेर कर देखें. अगर सतह चिकनी लगे, तो समझ लें कि लाइमस्केल पूरी तरह हट चुका है.
इलेक्ट्रिक केतली साफ करते समय इन बातों का रखें खास ध्यान
1. सफाई शुरू करने से पहले केतली को पूरी तरह ठंडा होने दें.
2. केतली को प्लग से निकालना न भूलें, वरना करंट लग सकता है.
3. सफाई के दौरान केतली की बाहरी सतह को बार-बार छूने से बचें, क्योंकि वह गर्म हो सकती है.
4. इस प्रक्रिया के समय बच्चों को केतली से दूर रखें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना न हो.
यह भी पढ़ें – गेमिंग की वजह से कौन-सा हार्मोन हो जाता है एक्टिव, इससे बॉडी में कितने होते हैं बदलाव?

