Stock Market Forecast: विश्लेषकों के अनुसार इस सप्ताह शेयर बाजार में निवेशकों की धारणा मुद्रास्फीति के आंकड़ों, विदेशी निवेशकों की गतिविधियों और वैश्विक रुझानों से तय होगी. इसके अलावा, भू-राजनीतिक घटनाक्रम और तीसरी तिमाही के नतीजे भी सप्ताह के दौरान बाजार को प्रभावित करेंगे.
विशेषज्ञ की राय
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के शोध विभाग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजीत मिश्रा ने कहा, इस सप्ताह कई महत्वपूर्ण घरेलू और वैश्विक कारक मौजूद हैं. भारत में, निवेशक 12 फरवरी को आने वाले खुदरा मुद्रास्फीति के आंकड़ों और 13 फरवरी को आने वाले विदेशी मुद्रा भंडार के आंकड़ों पर बारीकी से नजर रखेंगे.
उन्होंने आगे कहा, तिमाही नतीजे भी आ रहे हैं. जिसमें टाइटन कंपनी और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसी प्रमुख कंपनियों के परिणाम इस सप्ताह आने हैं.
वैश्विक स्तर पर, प्रतिभागी अमेरिकी आंकड़ों और हालिया गिरावट के बाद नैस्डैक कंपोजिट के प्रदर्शन पर नजर रखेंगे. मिश्रा ने कहा कि भू-राजनीतिक घटनाक्रम और बाजारों पर उनके प्रभाव पर भी करीब से नजर रखी जाएगी. अशोक लेलैंड, ओएनजीसी, बजाज इलेक्ट्रिकल्स और आयशर मोटर्स के नतीजे भी इस सप्ताह आएंगे.
भारत और अमेरिका व्यापार समझौता
भारत और अमेरिका ने शनिवार को घोषणा की कि वे एक अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे पर सहमत हो गए हैं. जिसके तहत दोनों पक्ष द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कई वस्तुओं पर आयात शुल्क कम करेंगे. ऑनलाइन कारोबारी मंच एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा, ”आम बजट 2026-27 और आरबीआई के मौद्रिक नीति निर्णयों के प्रभाव के बाद भारतीय इक्विटी बाजार अब एक मजबूती के दौर में प्रवेश कर गए हैं.
अब निवेशक इस बात पर ध्यान दे रहे हैं कि पूंजीगत खर्च कितना तेजी से और सही तरीके से हो रहा है.” बीते सप्ताह, बीएसई सेंसेक्स 2,857.46 अंक या 3.53 प्रतिशत उछला, और निफ्टी में 868.25 अंक या 3.49 प्रतिशत की तेजी आई.
यह भी पढ़ें: अगर आप 40 की उम्र पार कर चुके हैं; तो अभी भी शुरू कर सकते हैं रिटायरमेंट की तैयारी, ऐसे बनेगा परफेक्ट फ्यूचर प्लान

