WhatsApp के इस फीचर से दूसरों के पास चली जाती है आपकी जरूरी जानकारी, यहां जानें बचाव का तरीका

सतीश कुमार
3 Min Read

WhatsApp पर कई सेफ्टी फीचर दिए गए हैं, लेकिन इसका एक फीचर ऐसा है, जिससे आपकी जरूरी जानकारी सामने वाले तक जा सकती है. दरअसल, WhatsApp को फोटो, टेक्स्ट और लिंक आदि भेजने के लिए यूज किया जाता है. जब आप इस पर किसी के साथ लिंक शेयर करते हैं तो व्हाट्सऐप उसका एक शॉर्ट प्रीव्यू एक्टिवेट कर देती है ताकि यह पता चल सके कि यह लिंक किस बारे में है. यही फीचर आपकी जरूरी जानकारी सामने वाले के पास भेज देता है.

लिंक प्रीव्यू से कौन-सी जानकारी जाती है?

दरअसल, जब आप मैसेज बॉक्स में लिंक इंसर्ट करते हैं तो व्हाट्सऐप उस लिंक वाली वेबसाइट को ‘गेट रिक्वेस्ट’ क्रिएट करती है. इसकी मदद से ऐप प्रीव्यू इमेज के साथ दूसरी चीजें लोड कर लेती है. अब इसकी प्रॉब्लम यह है कि इसके साथ मैसेज भेजने वाला का IP एड्रेस भी ट्रांसमिट हो जाता है. यानी जब आप मैसेज में किसी को लिंक भेजते हैं तो उसके साथ-साथ आपका IP एड्रेस भी चला जाता है.

IP एड्रेस से क्या दिक्कत हो सकती है?

जब मैसेज में आपका IP एड्रेस ट्रांसमिट होता है तो उसके साथ-साथ यह जानकारी भी चली जाती है कि आप व्हाट्सऐप का कौन-सा वर्जन यूज कर रहे हैं और आपके पास ऑपरेटिंग सिस्टम कौन-सा है. यह दिक्कत वाली बात इसलिए है क्योंकि IP एड्रेस से आपका डिवाइस ट्रैक किया जा सकता है. हैकर्स भी इसका फायदा उठाकर ओपन पोर्ट या DDoS के जरिए टारगेटेड अटैक्स की कोशिश कर सकते हैं. इसी तरह वर्जन नंबर से यह पता चल सकता है कि उसमें कौन-सी सुरक्षा खामियां पाई गई हैं और उनका फायदा उठाकर भी हैकिंग की कोशिश हो सकती है.

इससे कैसे बचा जाए?

व्हाट्सऐप पर लिंक प्रीव्यू बाई डिफॉल्ट इनेबल रहता है. इसलिए आपको मैनुअली इसे डिसेबल करना होगा. इसके लिए ऐप की सेटिंग में जाएं और प्राइवेसी सेक्शन में जाकर एडवांस्ड पर टैप करें. यहां पर आपको लिंक प्रीव्यू को डिसेबल करने की सेटिंग मिल जाएगी. अगर आप इसे डिसेबल कर देते हैं तो किसी भी लिंक का प्रीव्यू नहीं दिखेगा और मैसेज में सिर्फ URL और लिंक टेक्स्ट नजर आएगा.

Share This Article
Satish Kumar Is A Journalist With Over 10 Years Of Experience In Digital Media. He Is Currently Working As Editor At Aman Shanti, Where He Covers A Wide Variety Of Technology News From Smartphone Launches To Telecom Updates. His Expertise Also Includes In-depth Gadget Reviews, Where He Blends Analysis With Hands-on Insights.