UPSC का फॉर्म भरते समय ये गलतियां पड़ सकती हैं भारी, सपना रह सकता है अधूरा; पहले पढ़ लें ये जरूरी सलाह

सतीश कुमार
4 Min Read


UPSC की सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे बड़ी और प्रतिष्ठित परीक्षाओं में गिनी जाती है. हर साल लाखों युवा IAS, IPS और दूसरी बड़ी सरकारी सेवाओं में जाने का सपना लेकर फॉर्म भरते हैं. लेकिन कई बार छोटी-छोटी लापरवाही उनके सपनों पर पानी फेर देती है. फॉर्म भरना आसान लगता है, लेकिन इसमें की गई एक गलती भी आगे दिक्कत खड़ी कर सकती है. इसलिए अगर आप आवेदन करने जा रहे हैं, तो पहले इन जरूरी बातों को समझ लें.

सबसे पहली और जरूरी बात है कि आप यह देख लें कि आप परीक्षा देने के योग्य हैं या नहीं. इसमें उम्र सीमा, पढ़ाई की योग्यता, कितने प्रयास कर सकते हैं, राष्ट्रीयता और मेडिकल से जुड़ी शर्तें शामिल होती हैं.कई छात्र बिना पूरी जानकारी पढ़े ही फॉर्म भर देते हैं. बाद में जब डॉक्यूमेंट चेक होते हैं, तब पता चलता है कि वे किसी शर्त को पूरा ही नहीं करते. इसलिए आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ें और तभी आवेदन करें.

अपनी जानकारी सही-सही भरें

फॉर्म में अपना नाम, जन्मतिथि, माता-पिता का नाम, पता, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी बिल्कुल सही लिखें. छोटी सी स्पेलिंग मिस्टेक भी बाद में बड़ी परेशानी बन सकती है.याद रखें, परीक्षा से जुड़ी सारी जानकारी आपके मोबाइल और ईमेल पर ही आएगी. अगर नंबर या ईमेल गलत हुआ तो जरूरी सूचना आप तक नहीं पहुंचेगी. इसलिए फॉर्म सबमिट करने से पहले एक बार नहीं, दो बार जरूर चेक करें.

फीस भरते समय सावधानी रखें

कुछ श्रेणी के उम्मीदवारों को फीस में छूट मिलती है. लेकिन जो छूट के दायरे में नहीं आते, उन्हें समय पर फीस जमा करनी जरूरी है.कई बार छात्र फॉर्म भर देते हैं, लेकिन पेमेंट पूरा नहीं होता या ट्रांजैक्शन फेल हो जाता है. ऐसी स्थिति में आवेदन रद्द हो सकता है. इसलिए पेमेंट के बाद यह जरूर देख लें कि फीस सफलतापूर्वक जमा हुई है या नहीं. पेमेंट की रसीद या मैसेज संभालकर रखें.

परीक्षा केंद्र सोच-समझकर चुनें

फॉर्म भरते वक्त एग्जाम सेंटर चुनना सिर्फ एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह काफी अहम फैसला होता है. ज्यादातर मामलों में परीक्षा केंद्र पहले आवेदन करने वालों को पहले दिए जाते हैं. यानी जो जल्दी फॉर्म भरता है, उसे अपनी पसंद का शहर मिलने की संभावना ज्यादा रहती है.अगर आप सोचते रहेंगे और आखिरी दिन फॉर्म भरेंगे, तो मुमकिन है कि आपके शहर का सेंटर पहले ही फुल हो जाए. ऐसे में आपको दूसरे शहर में परीक्षा देने जाना पड़ सकता है, जिससे यात्रा और रहने की परेशानी बढ़ सकती है. इसलिए बेहतर यही है कि समय पर आवेदन करें और ऐसा केंद्र चुनें, जहां पहुंचना आपके लिए आसान और सुविधाजनक हो.

डाक्सयूमेंट्स सही अपलोड करें

फॉर्म में फोटो, सिग्नेचर और फोटो आईडी का साफ और सही स्कैन अपलोड करना जरूरी है. ध्यान रखें कि फोटो नई हो और उसमें आपका चेहरा साफ दिखाई दे. सिग्नेचर भी साफ-सुथरा और तय किए गए साइज में होना चाहिए. अगर इमेज सही फॉर्मेट में अपलोड नहीं हुई, तो आवेदन रद्द भी किया जा सकता है.

एक से ज्यादा फॉर्म भरने से बचें

बेहतर है कि एक ही बार ध्यान से पूरा फॉर्म भरें. अगर किसी वजह से दो या उससे ज्यादा आवेदन हो गए हैं, तो यह पक्का कर लें कि सबसे लेटेस्ट रजिस्ट्रेशन आईडी वाला फॉर्म पूरी तरह सही और पूरा भरा हुआ हो.

यह भी पढ़ें – 10वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा मौका, RRB ग्रुप D में बंपर भर्ती,जानें पूरी डिटेल

Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI



Source link

Share This Article
Satish Kumar Is A Journalist With Over 10 Years Of Experience In Digital Media. He Is Currently Working As Editor At Aman Shanti, Where He Covers A Wide Variety Of Technology News From Smartphone Launches To Telecom Updates. His Expertise Also Includes In-depth Gadget Reviews, Where He Blends Analysis With Hands-on Insights.