Goldman Sachs Investment in Aye Finance: बड़े संस्थागत निवेशकों की दिलचस्पी एये फाइनेंस लिमिटेड में देखने को मिल रही है. सोमवार के कारोबारी दिन दुनिया की प्रमुख निवेश बैंक गोल्डमैन सैक्स ने कंपनी के 16.8 लाख शेयर खरीदे. यह सौदा बल्क डील के जरिए हुआ. जिसके लिए गोल्डमैन सैक्स ने करीब 22 करोड़ रुपये खर्च किए है. आइए जानते हैं, इस डील के बारे में……
गोल्डमैन सैक्स ने जताया भरोसा
गोल्डमैन सैक्स ने एये फाइनेंस लिमिटेड पर अपना भरोसा जताया है. सोमवार को दुनिया के इस टॉप इन्वेस्टमेंट बैंक ने एये फाइनेंस में 22 करोड़ रुपये का निवेश किया है. इससे पहले 6 फरवरी को एंकर अलॉटमेंट के दौरान भी गोल्डमैन सैक्स ने 53.48 लाख शेयर 69 करोड़ रुपये में खरीदे थे.
जिसके बाद से बड़े निवेशकों की लगातार नजर कंपनी पर बनी हुई है. गोल्डमैन सैक्स ने यह खरीदारी अपनी संबद्ध इकाई ‘गोल्डमैन सैक्स फंड्स गोल्डमैन सैक्स इंडिया इक्विटी पोर्टफोलियो’ के माध्यम से की है.
शेयर बाजार में कंपनी का हाल
बीएसई पर सोमवार को कंपनी शेयरों की लिस्टिंग 129 रुपये हुई. ट्रेडिंग डे के दौरान शेयर सपाट कारोबार करते दिखे. दिन की समाप्ति के समय शेयर 0.08 फीसदी या 0.10 रुपये की मामूली गिरावट के साथ 128.90 रुपये पर ट्रेड करते हुए बंद हुए थे. दिन का इंट्रा डे हाई 132.75 रुपये था.
सब्सक्रिप्शन 100% से कम, निवेशकों की सीमित भागीदारी
एये फाइनेंस लिमिटेड का आईपीओ 9 फरवरी को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था. निवेशकों 11 फरवरी तक इस पर अपना दांव लगा सकते थे. हालांकि, बाजार में इस इश्यू को लेकर खास जोश नजर नहीं आया था. कुल मिलाकर यह इश्यू 97 फीसदी तक ही सब्सक्राइब हो सका.
खुदरा निवेशकों का हिस्सा भी 97 प्रतिशत ही भरा, जबकि नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों की भागीदारी काफी कम रही और उनका कोटा महज 5 प्रतिशत तक ही सब्सक्राइब हुआ. आंकड़े बताते हैं कि निवेशकों की दिलचस्पी इस पेशकश में सीमित रही थी.
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ़ सूचना हेतु दी जा रही है. यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है. निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें. ABPLive.com की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है.)
यह भी पढ़ें: कहीं छूट न जाए कमाई का मौका! डिफेंस टेंडर से इंटरनेशनल डील तक, आज इन कंपनियों पर रहेगी निवेशकों की नजर

