पाकिस्तान के कराची शहर में एक ऐसी दरगाह है जो सिर्फ धार्मिक आस्था की वजह से नहीं, बल्कि अपने अनोखे “मेहमानों” के कारण भी दुनिया भर में चर्चा में रहती है. शहर के मंगोपिर इलाके में स्थित पीर मंगो (Manghopir) मजार के पास एक झील है, जिसमें करीब 150 से 200 तक मगरमच्छों का कुनबा रहता है. हैरानी की बात यह है कि इन मगरमच्छों को स्थानीय लोग पवित्र मानते हैं और उन्हें प्रसाद की तरह खाना खिलाते हैं. इसका वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसे देखकर लोग हैरान हैं.
सदियों पुरानी मान्यता
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार यह स्थान एक सूफी संत से जुड़ा हुआ है. लोगों का विश्वास है कि झील में रहने वाले मगरमच्छ संत की करामात का हिस्सा हैं और उनकी हिफाजत में पल रहे हैं. यही वजह है कि यहां आने वाले श्रद्धालु मगरमच्छों को नुकसान नहीं पहुंचाते, बल्कि उन्हें आदर के साथ भोजन कराते हैं.
मांस ही नहीं, मिठाइयां भी
आमतौर पर मगरमच्छ मांसाहारी होते हैं, लेकिन यहां का नजारा थोड़ा अलग है. दरगाह पर आने वाले लोग उन्हें गोश्त, मुर्गा, अंडे ही नहीं, बल्कि मिठाइयां भी खिलाते हैं. खास मौकों और मेलों के दौरान तो झील के किनारे बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होते हैं और मगरमच्छों को खाना खिलाना एक तरह की रस्म बन जाती है.
झील का रहस्य
विशेषज्ञों के मुताबिक इस झील का पानी गर्म और खनिजों से भरपूर है, जो मगरमच्छों के लिए अनुकूल वातावरण बनाता है. यहां पाए जाने वाले मगरमच्छ ‘मार्श क्रोकोडाइल’ प्रजाति के बताए जाते हैं. माना जाता है कि ये पीढ़ियों से यहीं रह रहे हैं और स्थानीय लोग इनकी देखभाल भी करते हैं. सोशल मीडिया यूजर्स भी इस नजारे को देखकर हैरान हैं. एक यूजर ने लिखा…मगरमच्छ मिठाई खा रहे हैं, ये तो चौंकाने वाली बात है. एक और यूजर ने लिखा…भाई वो दरिंदे हैं, अगर शांत हैं तो शांत मत समझो.
यह भी पढ़ें: तेंदुए को ‘बेहोश’ समझ बैठे थे लोग, वह अचानक ऐसे झपटा… होश उड़ा देगा वीडियो
पर्यटन का आकर्षण
यह अनोखी परंपरा और मगरमच्छों का शांत व्यवहार इस जगह को एक अलग पहचान देता है. कई पर्यटक और वीडियो ब्लॉगर्स भी यहां पहुंचते हैं और इस अद्भुत नजारे को कैमरे में कैद करते हैं. हालांकि सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन लोगों को झील के बहुत करीब जाने से मना करता है. वीडियो को dannyboy23plus नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा है तो वहीं कई लोगों ने वीडियो को लाइक भी किया है.
यह भी पढ़ें: जब जिंदगी में नहीं है पापा की परी तो किस काम की 14 फरवरी? वैलेंटाइंस डे पर अजब-गजब मीम्स वायरल

