SBI Research Report Currency Circulation: देश में डिजिटल भुगतान का चलन तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन नकदी का इस्तेमाल भी पीछे नहीं है. एसबीआई रिसर्च की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, करेंसी इन सर्कुलेशन (CiC) यानी बाजार में चलन में मौजूद नोटों का कुल मूल्य लगभग 40 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया है.
खास बात यह है कि यह बढ़ोतरी ऐसे समय में दर्ज की गई है, जब डिजिटल पेमेंट लगातार लोकप्रिय हो रहे हैं. लेन-देन करने के लिए लोग ऑनलाइन पेमेंट को अपना रहे हैं. कैश के इस्तेमाल में हो रही इस बढ़ोतरी के पीछे एसबीआई रिसर्च ने अपनी ताजा रिपोर्ट पेश की हैं. जिसमें इसके मुख्य वजहों की जानकारी दी गई है. आइए जानते हैं, इस बारे में…
1. जीएसटी नोटिस के बाद नकदी इस्तेमाल में उछाल
एसबीआई रिसर्च की रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि, कारोबारियों का रूख डिजिटल पेमेंट से नगदी की तरफ शिफ्ट हुआ है. इसके पीछे जीएसटी नोटिस जैसे कारण है. रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई 2025 में कर्नाटक के करीब 18,000 छोटे व्यापारियों को यूपीआई ट्रांजैक्शन के आधार पर जीएसटी नोटिस भेजे गए.
इसके बाद कई व्यापारियों का झुकाव डिजिटल भुगतान से हटकर दोबारा नकद लेनदेन की ओर बढ़ता नजर आया. आंकड़ों से पता चला कि जीएसटी नोटिस के बाद उस जिले में कैश निकासी बढ़ गई. यह आंकड़ा औसतन हर महीने 37 करोड़ रुपये ज्यादा हो गए. यानी कि डिजिटल पेमेंट स्वीकार करने में आई कमी से कैश का फ्लो बढ़ गया.
2. ब्याज दरों में कमी और ग्रामीण खपत का असर
नकदी की बढ़ती मांग के पीछे सिर्फ डिजिटल ट्रांजैक्शन ही नहीं, बल्कि अन्य आर्थिक कारण भी काम कर रहे हैं. एसबीआई रिसर्च की रिपोर्ट में मनी डिमांड मॉडल के जरिए समझाया गया है कि किन वजहों से कैश की जरूरत बनी हुई है.
रिपोर्ट के अनुसार, सामान्य तौर पर UPI के बढ़ते इस्तेमाल से नकदी की मांग घटनी चाहिए, लेकिन ब्याज दरों में कमी और ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती खपत ने इस ट्रेंड को संतुलित कर दिया है. यानी डिजिटल पेमेंट बढ़ने के बावजूद नकद लेनदेन की आवश्यकता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है.
3. छोटे नोटों का चलन ज्यादा
रिपोर्ट के अनुसार, देश में 100, 200 और 500 रुपये के नोटों की हिस्सेदारी बढ़ रही है. मार्च 2025 तक 500 रुपये के नोटों की हिस्सेदारी 86 फीसदी हो गई है. आरबीआई ने भी बैंकों को निर्देश दिया है कि, वे एटीएम में 100 और 200 रुपये के ज्यादा नोट उपलब्ध करवाएं.
यह भी पढ़ें: बैंक जाने से पहले चेक करें हॉलिडे लिस्ट; 18 फरवरी को इस राज्य में रहेगा अवकाश, जानें डिटेल

