हर साल भारतीय सेना विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित करती है, जिसमें अग्निवीर भर्ती भी शामिल है. इस भर्ती के माध्यम से युवाओं को सीमित समय के लिए सेना में सेवा करने का अवसर मिलता है. इस बार अग्निवीर भर्ती 2026 में कुछ जरूरी बदलाव किए गए हैं, जो खासकर वोकेशनल कोर्स करने वाले युवाओं के लिए एक सुनहरा मौका साबित हो रहे हैं. पिछले वर्षों में अग्निवीर भर्ती के लिए शैक्षिक योग्यता और उम्र सीमा में कड़े नियम थे, लेकिन इस बार भारतीय सेना ने युवाओं को ज्यादा अवसर देने के लिए नियमों में कुछ जरूरी ढील दी है. इसमें उम्र सीमा में एक साल की छूट और कुछ खास वोकेशनल कोर्स को मान्यता देना शामिल है. इसका मतलब है कि जो युवा किसी तकनीकी या स्किल आधारित कोर्स से पढ़ाई कर चुके हैं, वे अब तकनीकी अग्निवीर कैटेगरी में आवेदन कर सकते हैं. इससे न सिर्फ तकनीकी ज्ञान रखने वाले युवा सेना में शामिल हो सकते हैं, बल्कि आधुनिक तकनीकी उपकरणों और सिस्टम के साथ काम करने का अनुभव भी हासिल कर सकते हैं.
इस बार के बदलाव क्या हैं?
इस बार अग्निवीर भर्ती के लिए अधिकतम उम्र सीमा 21 साल से बढ़ाकर 22 साल कर दी गई है. इसका मतलब है कि युवा जो पहले उम्र की वजह से आवेदन नहीं कर पाते थे, अब उनके लिए रास्ता खुल गया है. भारतीय सेना ने शैक्षणिक सत्र 2027 के लिए 6 नए वोकेशनल कोर्स को मान्यता दी है. यह कदम स्किल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने और तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं को सेना की आधुनिक जरूरतों से जोड़ने के लिए उठाया गया है.
दो स्तरों में कोर्स की मान्यता
सीनियर सेकेंडरी लेवल में वेब एप्लीकेशन, इलेक्ट्रिकल टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स टेक्नोलॉजी, जियोस्पेशियल टेक्नोलॉजी और हायर एजुकेशन लेवल में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, रिन्यूएबल एनर्जी मैनेजमेंट को मान्यता दि गई है. वहीं 10वीं पास छात्रों के लिए भी तकनीकी अग्निवीर बनने का रास्ता आसान हो गया है. इसके लिए उनकी 10वीं की कुल मार्किंग 50 प्रतिशत और मैथ्स अंग्रेजी, साइंस में कम से कम 40 प्रतिशत अंक होना चाहिए. साथ ही किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से 2 साल का तकनीकी प्रशिक्षण या 2/3 साल का डिप्लोमा होना जरूरी है.मान्य ट्रेड/स्ट्रीम में मैकेनिक मोटर व्हीकल, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिकल, टेक्नीशियन पावर इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम्स, इलेक्ट्रिशियन, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक, ड्राफ्ट्समैन, सर्वेयर, IT, कंप्यूटर साइंस और अन्य शामिल हैं.
एक से ज्यादा कैटेगरी में आवेदन का ऑप्शन
इस बार सेना ने एक से अधिक कैटेगरी में आवेदन करने का भी ऑप्शन दिया है. उम्मीदवार अपनी योग्यता के आधार पर रेगुलर एंट्री कैटेगरी के अलावा दो अग्निवीर कैटेगरी चुन सकते हैं. इसके लिए उन्हें अलग-अलग आवेदन फॉर्म भरने होंगे और दोनों कैटेगरी के लिए कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) देना होगा. हालांकि, उन्हें सिर्फ एक ही भर्ती रैली और एक ही मेडिकल टेस्ट देना होगा. इसके अलावा, उम्मीदवार को अपनी कैटेगरी की प्राथमिकता भरनी होगी और मेरिट लिस्ट बनने के बाद कम प्राथमिकता वाली कैटेगरी भी चुन सकते हैं.
क्यों लिया गया यह फैसला?
आज के समय में हर क्षेत्र में तकनीक की भूमिका तेजी से बढ़ रही है. भारतीय सेना भी आधुनिक हथियार सिस्टम्स, साइबर सुरक्षा और डेटा मैनेजमेंट में तकनीकी रखने वाले युवाओं की तलाश में है. सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, रिन्यूएबल एनर्जी और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे विषय पढ़ने वाले युवा सेना के तकनीकी काम को और ज्यादा दक्षता से कर सकते हैं.
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुसार, पढ़ाई और हुनर को साथ जोड़ना जरूरी है. इस फैसले से वोकेशनल छात्रों को न सिर्फ नौकरी का मौका मिलेगा, बल्कि उन्हें नई मशीनों, तकनीकी सिस्टम्स और सॉफ्टवेयर के साथ काम करने का अनुभव भी मिलेगा. यह अनुभव भविष्य में उन्हें सरकारी और प्राइवेट सेक्टर में बेहतर करियर के अवसर भी देगा.
यह भी पढ़ें: JEE Main 2026 Result: कौन हैं वे 12 धुरंधर, जिन्हें JEE रिजल्ट में मिले 100 पर्सेंटाइल, टॉपर्स में कौन-सा राज्य आगे?
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI

