UP Board Exam 2026: आज से शुरू हो रहीं यूपी बोर्ड की परीक्षाएं, किसी भी परेशानी में काम आएंगे ये हेल्पलाइन नंबर

सतीश कुमार
5 Min Read


एशिया की सबसे बड़ी परीक्षा संस्था माध्यमिक शिक्षा परिषद यानि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं आज यानी 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं, जो 12 मार्च तक चलेंगी. यूपी बोर्ड की 2026 की परीक्षा में कुल 53 लाख 37 हजार 778 परीक्षार्थी एग्जाम देंगे, जिनमें हाईस्कूल के 27 लाख 61 हजार 696 और इंटरमीडिएट के 25 लाख 76 हजार 82 स्टूडेंट्स शामिल हैं. यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के लिए पूरे राज्य में 8033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. वहीं, नकलविहीन,निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से परीक्षा के लिए यूपी बोर्ड ने व्यापक तौर पर इंतजाम किए हैं.

लखनऊ में बने दो कमांड सेंटर

यूपी बोर्ड की परीक्षाएं नकल विहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दो कमांड और कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, जबकि यूपी बोर्ड के मुख्यालय प्रयागराज में भी एक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाया गया है. मुख्यालय में बनाए गए कमांडेंट कंट्रोल सेंटर से प्रदेश के 18 मंडलों के 75 जिलों के स्ट्रॉन्ग रूम और परीक्षा केंद्रों के एक-एक कक्ष की ऑनलाइन निगरानी की जा रही है. यूपी बोर्ड के मुख्यालय में बनाए गए कमांड एंड कंट्रोल रूम में 8-8 घंटे की तीन शिफ्ट में 24 घंटे कर्मचारी तैनात किए गए हैं. हर शिफ्ट में 36 कर्मचारी काम कर रहे हैं. इसके अलावा यूपी बोर्ड के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों और हर जिले के डीआईओएस कार्यालय में भी कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से परीक्षा केंद्रों और स्ट्रॉन्ग रूम की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है.

ये हेल्पलाइन नंबर करेंगे मदद

यूपी बोर्ड में दो हेल्पलाइन नंबर 1800-180-5312 और 1800-180-5310 भी जारी किए गए हैं. 3 फरवरी से शुरू किए गए इन हेल्पलाइन नंबरों पर परीक्षार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों की बोर्ड परीक्षा से संबंधित समस्याओं और जिज्ञासाओं को लेकर फोन कॉल आ रहे हैं. यहां पर भी 8 घंटे की तीन शिफ्ट में चार-चार कर्मचारियों की तैनाती की गई है. हेल्पलाइन नंबर पर परीक्षा संबंधित समस्याएं और एंग्जायटी को लेकर बच्चे काफी सवाल पूछ रहे हैं. वहीं, अभिभावक भी परीक्षा केंद्रों से संबंधित समस्याओं को लेकर पूछताछ कर रहे हैं. 

किस कैटिगरी में कितने परीक्षा केंद्र?

माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी के मुताबिक, यूपी बोर्ड एग्जाम के मद्देनजर 18 जिलों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जबकि 222 परीक्षा केंद्रों को अति संवेदनशील और 683 को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है. इन केंद्रों पर एसटीएफ और स्थानीय अभिसूचना इकाई को पूरी परीक्षा अवधि में सक्रिय रखा जाएगा. वहीं, अति संवेदनशील केंद्रों का निरीक्षण दिन में दो बार सुनिश्चित किया गया है.

लखनऊ के टोल फ्री नंबर भी करेंगे मदद

परीक्षार्थियों और अभिभावकों की सहायता के लिए राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम, लखनऊ में टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18001806607 एवं 18001806608 जारी किए गए हैं. इसके अलावा ईमेल, फेसबुक, एक्स हैंडल और व्हाट्सएप के माध्यम से भी शिकायत एवं सुझाव दर्ज कराए जा सकेंगे. प्रयागराज मुख्यालय के साथ-साथ वाराणसी, मेरठ, बरेली और गोरखपुर के क्षेत्रीय कार्यालयों में भी कंट्रोल सेंटर स्थापित किए गए हैं.

नकल रोकने के लिए क्या इंतजाम?

नकल रोकने के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं. आकस्मिक स्थिति के लिए सभी विषयों के अतिरिक्त रिजर्व प्रश्नपत्र सेट डबल लॉक अलमारी में सुरक्षित रखे गए हैं. उत्तर पुस्तिकाओं में चार रंगों में क्रमांक, परिषद का लोगो तथा सूक्ष्म “UPMSP” अंकन सहित विशेष सुरक्षा फीचर जोड़े गए हैं, जिससे अदला-बदली की संभावना समाप्त हो सके. इस वर्ष पहली बार यूपी संस्कृत शिक्षा परिषद की परीक्षा की भी ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी.

ये भी पढ़ें: यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं परीक्षा से पहले फर्जी प्रश्न पत्र वायरल, बोर्ड ने जारी किया कड़ा नोटिस

Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI



Source link

Share This Article
Satish Kumar Is A Journalist With Over 10 Years Of Experience In Digital Media. He Is Currently Working As Editor At Aman Shanti, Where He Covers A Wide Variety Of Technology News From Smartphone Launches To Telecom Updates. His Expertise Also Includes In-depth Gadget Reviews, Where He Blends Analysis With Hands-on Insights.