आजकल हम अपनी रसोई में जिन प्लास्टिक स्क्रबर का यूज करते हैं, वो दिखने में भले ही सस्ते और आसान लगें, लेकिन उनके कई नुकसान हैं. ये स्क्रबर जल्दी घिस जाते हैं, बर्तनों पर हल्की-हल्की खरोंच डाल देते हैं और कुछ समय बाद बदबू भी करने लगते हैं. सबसे बड़ी बात यह है कि प्लास्टिक से बने होने की वजह से ये पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचाते हैं. यूज के बाद ये कचरे में चले जाते हैं और सालों तक गलते नहीं हैं.
ऐसे समय में देसी और नेचुरल ऑप्शन अपनाना समझदारी है. इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए कंटेंट क्रिएटर शिवानी सिंह ने एक आसान और सस्ता तरीका बताया है, जिससे आप घर पर ही नारियल के रेशों से मजबूत और इको-फ्रेंडली स्क्रबर बना सकते हैं. खास बात यह है कि जिन नारियल के रेशों को हम अक्सर बेकार समझकर फेंक देते हैं, उन्हीं से बढ़िया बर्तन साफ करने वाला पैड तैयार किया जा सकता है. यह तरीका न सिर्फ पैसे बचाता है, बल्कि जीरो-वेस्ट लाइफस्टाइल की ओर भी एक छोटा लेकिन अहम कदम है.
नारियल से घर पर तैयार करें बर्तन साफ करने नेचुरल स्क्रबर
1. नारियल के रेशे अलग करें और पानी में भिगो दें – नारियल से घर पर बर्तन साफ करने वाला नेचुरल स्क्रबर तैयार करने के लिए सबसे पहले सूखे नारियल के छिलके लें. इन छिलकों से सावधानी से रेशों को अलग कर लें. ध्यान रखें कि रेशे जितने लंबे और मजबूत होंगे, आपका स्क्रबर उतना ही टिकाऊ बनेगा. अब इन रेशों को एक बर्तन में डालकर साफ पानी में कुछ घंटों के लिए भिगो दें. भिगोने से रेशे नरम हो जाते हैं और उन्हें सीधा करना आसान हो जाता है. अगर रेशे बहुत सख्त हों, तो आप उन्हें थोड़ी देर ज्यादा भी भिगो सकते हैं.
2. बेलन से रेशों को सीधा करें – जब रेशे पानी सोखकर मुलायम हो जाएं, तो उन्हें पानी से निकाल लें और हल्का सा निचोड़ लें. अब किसी समतल जगह, जैसे चकला या टेबल पर इन्हें फैला दें. इसके बाद बेलन की मदद से हल्के हाथ से रेशों पर चलाएं. इससे रेशों की गांठें खुल जाएंगी और वे सीधे हो जाएंगे, यह स्टेप जरूरी है क्योंकि इससे आपका स्क्रबर एक जैसा और बराबर मोटाई वाला बनेगा.
3. कंघी से रेशों को सुलझाएं – अब एक पुरानी मोटे दांतों वाली कंघी लें. जैसे आप बालों को सुलझाते हैं, वैसे ही नारियल के रेशों पर कंघी करें. इससे छोटे, कमजोर और टूटे हुए रेशे अलग हो जाएंगे. इस प्रक्रिया के बाद आपके पास केवल मजबूत और लंबे रेशे बचेंगे. यही रेशे बर्तन साफ करते समय ज्यादा समय तक टिकेंगे और जल्दी टूटेंगे नहीं,
4. स्क्रबर का आकार तैयार करें – अब इन सुलझे हुए रेशों को इकट्ठा करके एक चौकोर या आयताकार आकार में जमाएं. कोशिश करें कि परत न बहुत पतली हो और न ही बहुत मोटी, लगभग आधा इंच मोटाई का पैड सही रहता है. ध्यान रखें कि स्क्रबर ऐसा हो जिसे हाथ में पकड़ना आसान हो. अगर बहुत मोटा होगा तो पकड़ने में दिक्कत होगी, और बहुत पतला होगा तो जल्दी घिस जाएगा.
5. मजबूत धागे से सिलाई करें – अब एक बड़ी सुई और मजबूत धागा लें. तैयार किए गए रेशों के पैड को चारों तरफ से अच्छी तरह सिल दें. आप चाहें तो कोनों से सिलाई करें या बीच में X के आकार में टांके लगाएं. किनारों पर जिग-जैग सिलाई भी कर सकते हैं. सिलाई जितनी मजबूत होगी, स्क्रबर उतने लंबे समय तक चलेगा और यूज के दौरान बिखरेगा नहीं.
6. फिनिशिंग दें – लास्ट कैंची की मदद से बाहर निकले अतिरिक्त रेशों को काट दें. इससे आपका स्क्रबर साफ-सुथरा और सुंदर दिखेगा. अब आपका पूरी तरह नेचुरल, बिना प्लास्टिक वाला और घर में बना बर्तन साफ करने वाला स्क्रबर तैयार है.
यह भी पढ़ें – Dirtiest Places In Home: घर के ये पांच कोने रहते हैं सबसे ज्यादा गंदे, नहीं पड़ती यहां किसी की नजर

