यूपी के गोरखपुर में माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं जनपद के 197 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के बीच शुरू होगी. परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं. इस बार परीक्षा में कुल एक लाख 33 हजार 534 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे. इनमें हाईस्कूल के 67,642 और इंटरमीडिएट के 65,892 परीक्षार्थी हैं. परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेगी.
पहले दिन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों का पहला प्रश्नपत्र हिंदी का होगा. हाईस्कूल की परीक्षा सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक आयोजित होगी. इंटरमीडिएट की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक निर्धारित समय सारणी के अनुसार संपन्न होगा. जिला कारागार को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां 22 कैदी इंटरमीडिएट की परीक्षा देंगे. यहां एक केंद्र व्यवस्थापक और दो कक्ष निरीक्षक की तैनाती की गई है.
यहां बनाया गया कंट्रोल रूम
परीक्षा की निगरानी के लिए शहर के राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है. यहां से परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी. किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई होगी. जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अमरकांत सिंह, प्राचार्य डॉ. विश्वप्रकाश सिंह और उप प्राचार्य किरन अरेटो ने कंट्रोल रूम से CCTV कैमरों के जरिए व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए.
प्रशासन की ओर से परीक्षार्थियों को निर्देश दिया गया है. परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पहले पहुंचना होगा. प्रवेश पत्र के साथ पहचान पत्र लाना अनिवार्य है. परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.
सिर्फ ये चीजें ले जा सकेंगे स्टूडेंट्स
परीक्षार्थी केवल निर्धारित स्टेशनरी ही साथ रख सकते हैं और परीक्षा कक्ष में शांति बनाए रखते हुए कक्ष निरीक्षक के निर्देशों का पालन करना होगा. किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित साधन का प्रयोग करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. परीक्षा को शांतिपूर्वक और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले में 10 सचल दलों का गठन किया गया है. इनमें 6 टीमें जिला स्तर की और 4 टीमें मंडल स्तर पर एक्टिव रहेगी.
प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. सभी परीक्षा केंद्रों पर पेपर के लॉकर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक की मौजूदगी में ही खोले जाएंगे. प्रश्नपत्रों का मिलान कर सुरक्षित वितरण सुनिश्चित किया गया है, जिससे गोपनीयता बनी रहे.
चाक-चौबंद है सुरक्षा व्यवस्था
परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले में 197 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 198 केंद्र व्यवस्थापक, 198 वाह्य केंद्र व्यवस्थापक, 32 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 17 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं. इसके अलावा 8,265 कक्ष निरीक्षक ड्यूटी पर रहेंगे. परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू रहेगी.
CCTV निगरानी और सुरक्षा बल रहेंगे तैनात इसके अलावा सभी केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई है और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. परीक्षा केंद्रों के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाएगी, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगी.
ये भी पढ़ें: आज से शुरू हो रहीं यूपी बोर्ड की परीक्षाएं, किसी भी परेशानी में काम आएंगे ये हेल्पलाइन नंबर
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI

