Best Way To Remove Pesticides From Apples: बाजार से हम फलों या सब्जियों को लाकर उन्हें नल के सामान्य पानी से धुलकर उनका उपयोग कर लेते हैं. यह रूल दुनिया के लगभग सभी हिस्सों में ज्यादातर लोग फॉलो करते हैं. हालांकि फल और सब्ज़ियां तैयार करते समय हमें कुछ सावधानियां रखनी चाहिए. यूएस के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन के अनुसार, उन्हें कम से कम बहते पानी में अच्छी तरह धो लेना चाहिए, ताकि उन पर लगी धूल-मिट्टी और बैक्टीरिया हट सकें. लेकिन सवाल यह है कि अगर फलों पर पेस्टिसाइड के अवशेष रह गए हों, तो उन्हें कैसे साफ किया जाए?. चलिए आपको बताते हैं कि इसके लिए क्या करना चाहिए.
पेस्टिसाइड को कैसे कर सकते हैं दूर?
इसी सवाल का जवाब खोजने के लिए मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी के रिसर्चर ने एक स्टडी किया, जो जर्नल ऑफ एग्रीकल्चर एंड फूड इंडस्ट्री में प्रकाशित हुआ. इस स्टडी में खास तौर पर यह देखा गया कि सेब से पेस्टिसाइड हटाने का सबसे असरदार तरीका कौन-सा है. रिसर्च में दो तरह के पेस्टिसाइड, जिसमें थियाबेंडाजोल और फॉस्मेट का इस्तेमाल किया गया. प्रयोग के लिए सेबों को 24 घंटे तक इन रसायनों के संपर्क में रखा गया. इसके बाद उन्हें तीन अलग-अलग तरीकों से धोया गया. जिसमें सामान्य नल का पानी जैसा FDA सलाह देता है,क्लोरॉक्स ब्लीच सॉल्यूशन जिसका इस्तेमाल फलों की कटाई के बाद उद्योग में किया जाता है और पानी और बेकिंग सोडा का घोल, जिसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है का प्रयोग किया गया. इन तीनों तरीकों का इस्तेमाल करने के बाद बेहतर रिजल्ट निकला.
क्या निकला इस रिसर्च का रिजल्ट?
तीनों तरीकों की तुलना में बेकिंग सोडा वाला घोल सबसे प्रभावी साबित हुआ. यदि सेब को इस घोल में 12 से 15 मिनट तक भिगोकर रखा जाए और फिर साफ पानी से धो लिया जाए, तो उसकी सतह पर मौजूद दोनों पेस्टिसाइड काफी हद तक हट जाते हैं. हालांकि, रिसर्चर ने यह भी चेतावनी दी कि जो पेस्टिसाइड सेब के छिलके के अंदर तक पहुंच गए थे, जिन्हें “इंटरनलाइज्ड पेस्टिसाइड” कहा जाता है, वे पूरी तरह खत्म नहीं हो पाए. ऐसे में छिलका उतारना एक बेहतर विकल्प हो सकता है, लेकिन इससे छिलके में मौजूद विटामिन और मिनरल्स का फायदा भी कम हो जाता है. रिसर्च में बताया गया कि केवल दो मिनट तक क्लोरॉक्स ब्लीच सॉल्यूशन से धोना, जैसा कि आमतौर पर किया जाता है, सेब की सतह से पेस्टिसाइड पूरी तरह हटाने के लिए पर्याप्त नहीं है. इस हिसाब से आप बेकिंग सोडा वाला घोल अपना सकते हैं, हालांकि आपको इस दौरान चीजों को लेकर सावधानी रखनी चाहिए.
यह भी पढ़ें – Dirtiest Places In Home: घर के ये पांच कोने रहते हैं सबसे ज्यादा गंदे, नहीं पड़ती यहां किसी की नजर
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.

