भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने निर्माता रत्नाकर कुमार एक बार फिर एक अलग अंदाज की फिल्म लेकर आए हैं. उनकी अपकमिंग फिल्म 3 स्टार बहुरिया का ट्रेलर रिलीज होते ही लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई है. इस फिल्म में रिश्तों की नाजुक भावनाएं, समाज की खराब व्यवस्था और नारी सशक्तिकरण को एक साथ दिखाया गया है. इसी वजह से इसे सिर्फ एंटरटेनमेंट नहीं बल्कि एक मजबूत सामाजिक फिल्म माना जा रहा है.
ट्रेलर ने खींचा लोगों का ध्यान
वर्ल्ड वाइड रिकार्ड्स की तरफ से पेश की गई इस फिल्म का ट्रेलर वर्ल्ड वाइड रिकार्ड्स भोजपुरी के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ है. ट्रेलर को लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. करीब 3 मिनट 51 सेकंड के इस ट्रेलर में कहानी की झलक काफी दमदार तरीके से दिखाई गई है. इसमें पारिवारिक इमोशन्स भी हैं और समाज के खिलाफ लड़ाई भी साफ नजर आती है.
माही श्रीवास्तव का दमदार किरदार
फिल्म में लीड रोल में नजर आ रही माही श्रीवास्तव एक दरोगा के रोल में दिख रही हैं. उनकी सास फिल्म में कांस्टेबल बनी हैं. कहानी के मुताबिक माही की शादी एक डॉक्टर से होती है जो उसी कांस्टेबल का बेटा है. इसके बाद कहानी में बड़ा ट्विस्ट आता है जहां ईमानदारी और भ्रष्ट सिस्टम के बीच जबरदस्त टकराव शुरू हो जाता है.
निर्माता और एक्ट्रेस ने क्या कहा
फिल्म को लेकर रत्नाकर कुमार ने कहा कि 3 स्टार बहुरिया सिर्फ मनोरंजन के लिए नहीं बनाई गई है बल्कि इसका मकसद समाज को एक अच्छा मैसेज देना है. उन्होंने बताया कि आज के समय में महिलाओं की ताकत उनका संघर्ष और आत्मनिर्भरता दिखाना बहुत जरूरी है और फिल्म में यही कोशिश की गई है. वहीं माही श्रीवास्तव ने कहा कि ये उनके करियर का सबसे चुनौतीपूर्ण रोल है. फिल्म में वो एक ईमानदार और मजबूत महिला अफसर का किरदार निभा रही हैं जो हर हाल में न्याय के लिए लड़ती है.
फिल्म की पूरी टीम की जानकारी
आपको बता दें कि फिल्म 3 स्टार बहुरिया का निर्देशन अजय सिंह ने किया है. इसकी कहानी, स्क्रीनप्ले और डायलॉग सुरेंद्र मिश्रा और विवेक मिश्रा ने लिखे हैं. फिल्म में माही श्रीवास्तव के साथ शशि रंजन, पूनम मौर्या, मनोज टाइगर, प्रकाश जैस, संदीप यादव, श्वेता वर्मा, भानु पांडेय, विजया सिंह, अजय रघुवंशी, परी सिंगानिया, निकिता, दुर्गा, राहुल राजपूत, लालधारी और सचिन श्रीवास्तव नजर आएंगे. फिल्म का म्यूजिक साजन मिश्रा ने दिया है और गाने धर्म हिंदुस्तानी ने लिखे हैं. छायांकन जगमिंदर सिंह हुंडाल का है और एडिटिंग दिनेश प्रजापति ने की है. एक्शन अशोक लाल यादव ने डिजाइन किया है. कोरियोग्राफी मनोज गुप्ता जॉय ने संभाली है और आर्ट डायरेक्शन सिकंदर का है और कॉस्ट्यूम डिजाइन नानू फैशन डिजाइनर ने किया है. गानों में प्रियंका सिंह शिल्पी राज और सुगम सिंह की आवाज सुनाई देगी. पोस्ट प्रोडक्शन 3 स्टूडियो में हुआ है और फिल्म के पीआरओ रंजन सिन्हा हैं.

