Nissan इंडियन मार्केट में अपना कारोबार बढ़ाना चाहती है. कंपनी ने इसके लिए खुद मेहनत करने की वजाय अपनी सहयोगी Renault से उनकी Triber मांगकर रिब्रांडिंग कर ली है. ट्राइबर को निसान ग्रेवाइट के नाम से बेचा जाएगा. इसे हाल ही में ₹5.65 लाख की शुरुआती एक्स शोरूम कीमत पर लॉन्च किया गया है. टॉप स्पेक वेरिएंट के लिए ये कीमत ₹8,93,500 तक जाती है.
अगर आप आने वाले दिनों में एक सस्ती 7-सीटर खरीदने वाले हैं और Renault Triber व Nissan Gravite के बीच किसे एक को चुनने में दिक्कत आ रही है, तो हमारा ये आर्टिकल आपके काम का है. अपने इस लेख में हम रेनो ट्राइबर और पहचान बदलकर ग्रेवाइट के नाम से बिकने को तैयार इस MPV के बीच डिजाइन, इंटीरियर, फीचर्स, सेफ्टी और इंजन के साथ परफॉरमेंस के अंतर को समझते हैं.
कीमत में कितना अंतर?
जैसा कि आपको बताया, निसान ग्रेवाइट की एक्स-शोरूम कीमत ₹5.65 लाख (विसिया) से शुरू होकर ₹8.93 लाख (टेकना लॉन्च एडिशन एएमटी) तक जाती है. मुख्य वेरिएंट्स में विसिया (₹5.65 लाख), असेन्टा (₹6.59 लाख), एन-कनेक्टा (₹7.20 लाख एमटी/₹7.80 लाख एएमटी) और टेकना (₹7.91 लाख एमटी/₹8.49 लाख एएमटी) शामिल हैं.
रेनो ट्राइबर की कीमत ₹5.76 लाख (ऑथेंटिक) से ₹8.60 लाख (इमोशन) तक है. ट्राइबर में एएमटी विकल्प मुख्य रूप से टॉप वेरिएंट में उपलब्ध है. ग्रेवाइट बेस वेरिएंट में ₹11,000 सस्ती है, लेकिन टॉप एंड में ₹33,000 महंगी है. उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में ऑन-रोड कीमत ग्रेवाइट के लिए ₹6.5 लाख से ₹10.5 लाख और ट्राइबर के लिए ₹6.6 लाख से ₹9.8 लाख के आसपास रहने की उम्मीद है. ग्रेवाइट पर पहले 1,001 यूनिट्स के लिए विशेष इंट्रोडक्टरी प्राइसिंग और लंबी वारंटी का ऑफर भी उपलब्ध है.
डिजाइन की तुलना
दोनों कारों की लंबाई लगभग 3990 मिमी, चौड़ाई 1735 मिमी, ऊंचाई 1644 मिमी, व्हीलबेस 2636 मिमी और ग्राउंड क्लियरेंस 182 मिमी है. बूट स्पेस तीसरी रो हटाने पर 625 लीटर तक पहुंच जाता है. ग्रेवाइट का फ्रंट ज्यादा बोल्ड और एसयूवी जैसा है. इसमें बड़ा हनीकॉम्ब पैटर्न ग्रिल, स्मोक्ड एलईडी हेडलैंप्स, सी-शेप रेड एक्सेंट बंपर और क्रिस्टल एज एलईडी टेललाइट्स दिए गए हैं.
साइड प्रोफाइल में फंक्शनल रूफ रेल्स (50 किलो लोड क्षमता) और 15 इंच डुअल-टोन अलॉय व्हील्स हैं. उपलब्ध कलर्स में फॉरेस्ट ग्रीन, ओनिक्स ब्लैक और ब्लेड सिल्वर हैं. ट्राइबर का डिजाइन स्लीकर और फैमिली ओरिएंटेड है, जिसमें रेनो का डायमंड ग्रिल, एलईडी डीआरएल और डुअल-टोन बॉडी कलर्स शामिल हैं. ग्रेवाइट थोड़ी ज्यादा प्रीमियम और आकर्षक दिखती है, जबकि ट्राइबर सिंपल और व्यावहारिक लगती है.
इंटीरियर की तुलना
दोनों में 5+2 मॉड्यूलर सीटिंग है, जिसमें दूसरी रो स्लाइड, रीक्लाइन और फोल्ड-एंड-टंबल हो सकती है. वहीं, थर्ड रो रिमूवेबल (50:50 स्प्लिट) है. कुल 100 से अधिक सीटिंग कॉन्फिगरेशन उपलब्ध हैं. ग्रेवाइट में डुअल-टोन सूएड और लेदरेट अपहोल्स्ट्री, एम्बिएंट लाइटिंग, नेक कुशन और प्रीमियम फिनिशिंग है.
डैशबोर्ड लेआउट प्री-फेसलिफ्ट ट्राइबर से इंस्पायर्ड है, लेकिन बेहतर स्टिचिंग और मैटेरियल क्वालिटी के साथ ये काफी अच्छा हो गया है. ट्राइबर में ब्लैक-ग्रे वीवेन फैब्रिक, कूल्ड ग्लोवबॉक्स और प्रैक्टिकल स्टोरेज स्पेस (31 लीटर तक) है. दोनों में इंडिपेंडेंट रियर एसी (सेकेंड और थर्ड रो वेंट्स) मिड वेरिएंट से स्टैंडर्ड है.
फीचर्स की तुलना
कॉमन फीचर्स में 8 इंच फ्लोटिंग टचस्क्रीन (वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एपल कारप्ले), 7 इंच टीएफटी डिजिटल क्लस्टर (टॉप वेरिएंट), स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल्स, पुश-बटन स्टार्ट, क्रूज कंट्रोल, ऑटो हेडलैंप्स, रियर कैमरा, फ्रंट पार्किंग सेंसर्स और रियर डिफॉगर शामिल हैं. ग्रेवाइट में जेबीएल प्रीमियम ऑडियो, डु्अल-चैनल डैशकैम, केबिन एयर प्यूरीफायर और एम्बिएंट लाइटिंग मिलती है. ट्राइबर में भी अच्छे फीचर्स हैं, लेकिन ग्रेवाइट टॉप वेरिएंट में ज्यादा लग्जरी ऐड-ऑन्स प्रदान करती है.
सेफ्टी की तुलना
दोनों में 6 एयरबैग्स (फ्रंट, साइड और कर्टेन), एबीएस विद ईबीडी, ईएसपी, ट्रैक्शन कंट्रोल, हिल स्टार्ट असिस्ट, टीपीएमएस, आईएसओफिक्स और स्पीड अलर्ट स्टैंडर्ड हैं. 30 से अधिक एक्टिव और पैसिव सेफ्टी फीचर्स मौजूद हैं. ट्राइबर का पुराना ग्लोबल एनसीएपी रेटिंग 4-स्टार था, जबकि नया टेस्ट रिजल्ट अलग हो सकता है. ग्रेवाइट का टेस्ट अभी पेंडिंग है, लेकिन समान प्लेटफॉर्म के कारण सेफ्टी लेवल लगभग बराबर ही है.
इंजन और माइलेज
दोनों में एक ही 999 सीसी 3-सिलिंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन है, जो 72 पीएस पावर और 96 एनएम टॉर्क प्रोड्यूस करता है. ट्रांसमिशन विकल्प में 5-स्पीड मैनुअल या एएमटी (ग्रेवाइट में ईजी-शिफ्ट) हैं. एमटी वेरिएंट पर सीएनजी रेट्रोफिट का ऑप्शन भी उपलब्ध है. एआरएआई के अनुसार ग्रेवाइट का माइलेज 19.3-19.6 किमी/लीटर और ट्राइबर का 18-20 किमी/लीटर के करीब है.
फाइनल वर्डिक्ट: निसान ग्रेवाइट और रेनो ट्राइबर दोनों बजट 7-सीटर सेगमेंट में एक-दूसरे को कंपीट करती हैं. हालांक, मार्केट और रीसेल वैल्यू Renault Triber की अच्छी है, क्योंकि इसने काफी लंबे समय से मार्केट में अपनी पहचान बना रखी है. इसके अलावा, सेल्स और सर्विस के मामले में भी Renualt को ज्यादा नंबर मिलने चाहिए.

