CBSE की 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी हैं, जो 10 अप्रैल 2026 तक चलेंगी. । ये परीक्षाएं दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे देश में लाखों छात्रों के लिए बेहद अहम हैं. दरअसल, दिल्ली में हजारों स्टूडेंट्स हर सुबह परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने के लिए दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करते हैं. सुबह के समय मेट्रो में काफी भीड़ होती है, जिससे छात्रों को देर होने का डर रहता है. कई बार लंबी लाइन में फंसकर समय निकल जाता है और छात्र परेशान हो जाते हैं.
इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने स्टूडेंट्स की मदद के लिए खास इंतजाम किए हैं. DMRC ने 20 फरवरी 2026 को एक आधिकारिक घोषणा की. उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिनों में छात्रों को मेट्रो स्टेशनों पर प्राथमिकता दी जाएगी. ये सुविधा उन स्टूडेंट्स को मिलेगी, जिनके पास CBSE का वैध एडमिट कार्ड होगा.
स्टूडेंट्स को क्या होगा फायदा?
डीएमआरसी के मुताबिक, इस प्रक्रिया से स्टूडेंट्स को सबसे पहले सुरक्षा जांच में आसानी होगी. मेट्रो स्टेशन पर जहां आम लोग तलाशी और बैग चेक के लिए लाइन में लगते हैं, वहां स्टूडेंट्स को आगे निकलने दिया जाएगा. अगर कोई छात्र अपना एडमिट कार्ड दिखाएगा तो CISF के जवान उसे प्राथमिकता से चेक करेंगे. इससे छात्र जल्दी अंदर जा सकेंगे और समय बचेगा.
टिकट लेने में भी होगी सहूलियत
टिकट लेने में भी छात्रों को फायदा होगा. मेट्रो स्टेशन पर टिकट काउंटर (कस्टमर केयर) और ऑटोमैटिक टिकट मशीन (TOM) दोनों जगहों पर छात्रों को पहले टिकट दिया जाएगा. बस एडमिट कार्ड दिखाना होगा, फिर उन्हें लाइन में आगे रखा जाएगा. इससे टिकट लेने में देरी नहीं होगी और स्टूडेंट्स बिना रुकावट प्लेटफॉर्म पर पहुंच सकेंगे.
डीएमआरसी ने दिए खास निर्देश
बताया जा रहा है कि DMRC और CISF मिलकर स्टेशनों पर भीड़ को संभालेंगे. दरअसल, परीक्षा के समय ज्यादा स्टूडेंट्स आते हैं, इसलिए स्टाफ को खास निर्देश दिए गए हैं. मेट्रो स्टेशनों पर स्पेशल अनाउंसमेंट भी किए जाएंगे, जिसमें बताया जाएगा कि छात्रों को प्राथमिकता दी जा रही है और बाकी यात्रियों से सहयोग मांगा जाएगा.
पैसेंजर्स की जाएगी यह अपील
DMRC ने आम यात्रियों से अपील की है कि परीक्षा के दिनों में वे स्टूडेंट्स को आगे निकलने दें. अगर कोई छात्र एडमिट कार्ड दिखाकर मदद मांगे तो उसे सहयोग करें. इससे किसी छात्र की परीक्षा नहीं छूटेगी. DMRC का कहना है कि हर साल लाखों छात्र मेट्रो से यात्रा करते हैं. इस बार भी करीब 43-46 लाख छात्र CBSE बोर्ड परीक्षाओं में शामिल हो रहे हैं. दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो सबसे तेज और सस्ता रास्ता है, इसलिए छात्रों के लिए ये सुविधा बहुत जरूरी है.
ये भी पढ़ें: रेलवे का बड़ा फैसला, दिल्ली-यूपी और बिहार की कई ट्रेनें कैंसिल, सफर से पहले चेक कर लें स्टेटस
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI

