कभी-कभी किस्मत ऐसा मजाक कर देती है कि इंसान खुद भी हैरान रह जाता है. सोचिए, अगर आप सुबह कॉफी पीने जाएं और अचानक पता चले कि आप दुनिया की सबसे अमीर शख्सियत बन गए हैं, तो आपकी प्रतिक्रिया क्या होगी. कुछ ऐसा ही हुआ ब्रिटेन के नॉटिंघम की रहने वाली 29 साल की बिजनेस ओनर सोफी डाउनिंग के साथ. उन्हें क्रिसमस पर एक साधारण सा £10 का गिफ्ट कार्ड मिला था, लेकिन जब उन्होंने उससे कॉफी खरीदी तो रसीद में जो रकम दिखी, उसने सबको चौंका दिया. रसीद के मुताबिक उनके गिफ्ट कार्ड में £63 क्वाड्रिलियन की भारी-भरकम राशि बची हुई थी. यह रकम एलन मस्क की कुल संपत्ति से हजारों गुना ज्यादा और दुनिया की अर्थव्यवस्था से भी सैकड़ों गुना बड़ी बताई गई. हालांकि इस कहानी में एक बड़ा ट्विस्ट भी है.
कैसे बनीं ‘सबसे अमीर महिला’
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सोफी डाउनिंग को क्रिसमस पर 200 Degrees Coffee नाम की कॉफी शॉप का £10 का गिफ्ट कार्ड मिला था. 12 फरवरी को उन्होंने फ्लाइंग हॉर्स वॉक स्थित आउटलेट पर जाकर एक माचा लाटे खरीदी. जब बिल का भुगतान हुआ तो मशीन से निकली रसीद देखकर वह खुद हैरान रह गईं. रसीद में दिख रहा था कि उनके कार्ड में £63 क्वाड्रिलियन यानी 63 के बाद 15 शून्य वाली राशि बाकी है.
कैश काउंटर पर छाया कन्फ्यूजन
सोफी ने मजाकिया अंदाज में बताया कि जब पहली बार उन्होंने कार्ड इस्तेमाल किया तो काउंटर पर खड़ा कर्मचारी भी कन्फ्यूज हो गया. उसके चेहरे पर हैरानी साफ झलक रही थी. सोफी ने कहा कि उन्होंने पहले कभी ऐसा कुछ नहीं देखा. उन्होंने यह बात अपने पार्टनर को भी बताई और दोनों ने इसे मजेदार घटना के तौर पर लिया.
क्या था असली कारण
हालांकि सच्चाई कुछ और ही निकली. कॉफी शॉप 200 Degrees के प्रवक्ता ने बताया कि यह एक तकनीकी और प्रशासनिक गलती थी. दरअसल, गिफ्ट कार्ड की वैल्यू दर्ज करने की जगह गलती से उसका कार्ड नंबर सिस्टम में एंटर हो गया. इसी वजह से रसीद पर बेहद बड़ी रकम दिखाई दी. प्रवक्ता के मुताबिक, ग्राहक से उतनी ही राशि ली गई जितनी लेनी चाहिए थी. खरीदारी के बाद गिफ्ट कार्ड में सही रकम ही बची थी. सिर्फ रसीद पर गलत बैलेंस प्रिंट हो गया था. बाद में ग्राहक को सही बैलेंस वाली नई रसीद भी दे दी गई. बारिस्ता ने मजाक में वह गलत रसीद सोफी को यादगार के तौर पर दे दी.
यह भी पढ़ें: यूपी में पालतू जानवर को लेकर छिड़ी बहस, दुल्हन ने पालतू कुत्ते को पीटने पर तोड़ी शादी, मामला हुआ वायरल
सोशल मीडिया भी रह गया हैरान, यूजर्स ने की महिला की तारीफ
इस अनोखी घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर प्रतिक्रियाएं दीं. कई यूजर्स ने मजाक करते हुए लिखा कि काश उन्हें भी ऐसा गिफ्ट कार्ड मिल जाता. कुछ लोगों ने कहा कि अगर उनके पास इतनी रकम दिखती तो वे पूरी कॉफी चेन ही खरीद लेते. वहीं कई यूजर्स ने टेक्निकल सिस्टम की गलती पर हैरानी जताई और इसे डिजिटल एरर का बड़ा उदाहरण बताया. कुछ ने सोफी की ईमानदारी की तारीफ की कि उन्होंने इस स्थिति का गलत फायदा नहीं उठाया.
यह भी पढ़ें: शादी के स्टेज पर डाउट सॉल्व करने पहुंच गया स्टूडेंट, मैडम के रिएक्शन ने लूट लिया इंटरनेट

